Budaun News: कछला घाट और हाईवे पर उमड़े कांवड़िये

कछला से चला बाइक सवार कांवड़ियों का रेला।
उझानी/कछला। कछला गंगाघाट से लेकर बरेली-मथुरा हाईवे तक रविवार देर रात तक कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। शाम को मेरठ से पहुंचे दो बड़े डीजे की धूम मची रही। कलाकारों के साथ कांवड़िये भी थिरकते निकले।
गंगाघाट पर तड़के से जुटने लगे कांवड़ियों का सिलसिला देर रात तक चला। गंगाघाट से बम-बम भोले के जयकारों के साथ बरेली-मथुरा हाईवे के रास्ते शिव मंदिरों की ओर बढ़ते गए कांवड़ियों की भीड़ में छोटे वाहनों को भी निकलने का मौका नहीं मिल पाया। शाम को निकले दो बड़े डीजे लगे वाहनों के पीछे सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त झूमते हुए निकले। दोनों डीजे मेरठ से बुक कर लाए गए हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगे साउंड सिस्टम भी कम नहीं दिखे। कलाकारों के साथ कांवड़ियों ने नृत्य भी किया। बदायूं के कांवड़ियों की टोली में शामिल मुनेश और चंद्रपाल ने बताया कि उनकी टोली शहर के ही गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक करेगी। इसके अलावा बरेली और पीलीभीत के बाइक सवार कांवड़ियों की भी काफी भीड़भाड़ रही। मंडी समिति के पास प्रधान संघ के तत्वावधान में भंडारे में शिवभक्तों का सेवा-सत्कार किया गया। जिलाध्यक्ष पंकज सक्सेना की मौजूदगी में ब्लॉक क्षेत्र के प्रधानों का व्यवस्थाओं में सहयोग रहा।
बिनावर की ममता ने भी उठाई कांवड़
कछला गंगाघाट से रविवार दोपहर अपने परिजन के साथ बिनावर क्षेत्र के गांव भूरीपुर निवासी ममता ने भी कांवड़ यात्रा शुरू की। ममता ने परिवार से जुड़ी मनौती मांगी थी, जो पूरी हो गई। उसने कुसेना के मंदिर में जलाभिषेक करने का संकल्प लिया था। ममता ने बताया कि कामना पूरी होने के बाद अब संकल्प भी पूरा होने का है। वह परिवार के साथ ही जलाभिषेक करेगी।

कछला से चला बाइक सवार कांवड़ियों का रेला।

कछला से चला बाइक सवार कांवड़ियों का रेला।