बदायूं

Budaun News: भैंसोर नदी में डूबकर किशोरी की मौत

Connect News 24

Teenager died by drowning in Bhainsore river

मृतका ​शिवानी का फाइल फोटो।

– छोटे भाई को खाना देने जा रही थी, नदी पार करने के दौरान हुआ हादसा

संवाद न्यूज एजेंसी

कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव कूरखेड़ा में भैंसोर नदी में डूबकर एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। उसका भाई नदी के दूसरी ओर भैंस चरा रहा था। किशोरी उसे खाना पहुंचाने जा रही थी लेकिन रास्ते में भैंसोर नदी पार करने के दौरान वह गहरे पानी में बह गई। साथ में मौजूद एक बच्ची के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मंगलवार दोपहर कूरखेड़ा निवासी 10 वर्षीय बॉबी पुत्र रूम सिंह भैंसोर नदी के नजदीक अपनी भैंसें चरा रहा था। वह रोजाना बिना खाना खाए घर से निकल जाता था और उसकी 14 वर्षीय बहन शिवानी रोजाना खाना पहुंचाने जाती थी। बताते हैं कि मंगलवार दोपहर भी शिवानी उसे खाना देने जा रही थी। उसके साथ में मोहल्ले की एक छोटी बच्ची भी थी।

इधर, बॉबी भैंसों को चराते-चराते नदी के पार निकल गया। उस तक खाना पहुंचाने के लिए शिवानी भी भैंसोर नदी में घुस गई। जहां पर नदी में घुसी, वहां एक बड़ा गड्ढा था, इससे शिवानी गहरे पानी में बह गई। छोटी बच्ची नदी में नहीं घुसी थी। वह नदी किनारे से ही गांव लौट आई और घटना के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी।

इससे किशोरी के परिवार वाले और गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नदी में घुसकर किशोरी को तलाश किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार वाले उसका शव घर ले गए। देर रात उन्होंने पुलिस को सूचना दी। तब कहीं पुलिस ने गांव पहुंचकर बुधवार को उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किशोरी छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। उसकी मौत से परिवार वाले बेहद दुखी हैं।

नदी में आठ दिन पहले डूब गईं थीं दो चचेरी-तहेरी बहनें

थाना क्षेत्र के ही गांव मुस्कारा में 22 जुलाई को दो सगी चचेरी तहेरी बहनें भैंसोर नदी में डूब गईं थीं। उस दिन सत्यवती और उसकी चचेरी बहन शोभा अपनी भैंस चराने भैंसोर नदी के नजदीक गईं थीं। वह अपनी-अपनी भैंसों पर बैठकर भैंसोर नदी पार कर रही थीं। तभी उनकी भैंसें पानी में बैठ गईं और उन्होंने पलटी मार दी, जिससे दोनों बहनें डूब गईं और उनकी मौत हो गई।

मृतका शिवानी का फाइल फोटो।

मृतका शिवानी का फाइल फोटो।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button