Budaun News: हाईवे पर बही शिवभक्ति की बयार

कछला से कांवड लेकर हाईवे के रास्ते निकले शिवभक्त। संवाद
कछला गंगाघाट पर जुटे शिवभक्तों ने किया कांवड़ पूजन
फोटो- 9
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/ कछला। कांवड़ यात्रा के दौरान बृहस्पतिवार पूरे दिन कछला गंगाघाट आस्था से सराबोर रहा। कांवड़ पूजन के बाद शिवभक्तों की टोलियां हाईवे से होकर निकलीं तो भक्ति की बयार बह उठी।
कछला घाट से कांवड़ियों के निकलने का सिलसिला तड़के से ही शुरू हो गया। महादेव के जयकारों और बम-बम भोले की गूंज के साथ निकलीं कांवड़ियों की टोलियों के साथ कलाकार भी थिरकते दिखाई दिए। भोले के भजनों पर कलाकारों ने समा बांध दिया। हाईवे देर रात तक कांवड़ियों की टोलियों से गुलजार रहा।
उसहैत की टोली में शामिल शिवभक्त नरेश पाल ने बताया कि उनकी टोली सोमवार को जलाभिषेक करेगी। इससे पहले कांवड़ियों ने गंगाघाट पर कांवड़ पूजन से पहले आस्था की डुबकी लगाई। पूजन के दौरान मंत्रोच्चार किया।
–
गंगाघाट पर हर रविवार रात में गुल हो जाती है बत्ती
कछला गंगाघाट से कांवड़ यात्रा शुरू करने वाले शिवभक्तों की खासकर रविवार शाम से लेकर सोमवार तड़के तक काफी भीड़ रहती है। घाट पर प्रकाश व्यवस्था पावर काॅरपोरेशन के रहमोकरम पर है। सावन महीने में अब तक की स्थिति पर गौर करें तो अन्य दिनों में कटौती ज्यादा नहीं होती, लेकिन रविवार रात में हर बार ही कटौती से कांवड़ियों को दिक्कत हाेती है। इस दौरान अगर कांवड़ियों के पास प्रकाश के संसाधन नहीं हों तो अंधेरे में डुबकी लगाते समय हादसा भी हो सकता है।



