Bareilly: एयरफोर्स में नौकरी के नाम पर रिटायर्ड अधिकारी से 4.50 लाख रुपये ठगे, आरोपी पर रिपोर्ट

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : Amar Ujala
विस्तार
बरेली में नाती की एयरफोर्स में लिपिक पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर रिटायर्ड ग्राम पंचायत विकास अधिकारी से ठग ने साढ़े चार लाख रुपये हड़प लिए। नौकरी न लगने पर रुपये मांगे गए तो जान से मारने की धमकी दे डाली। बिथरी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बिथरी चैनपुर के सैदपुर कुर्मियान निवासी सूरजपाल ने बताया कि उनके पिता बाबूराम रिटायर्ड ग्राम पंचायत अधिकारी हैं। पिता की मुलाकात बरेली कचहरी पर गौरव सिंह से हुई थी। गौरव ने कुछ दिन पहले बाबूराम से फोन पर बातचीत की। कहा कि अगर तुम्हारे घर में कोई इंटर पास लड़का हो तो एयरफोर्स में क्लर्क की नौकरी लगवा दूंगा। बाबूराम ने नाती की नौकरी लगवाने के लिए कहा तो गौरव ने 4.50 लाख रुपये मांगे।
ये भी पढ़ें- घर को बनाया टॉर्चर रूम… मासूम की मौत: पड़ोसी के मकान के अंदर खौफनाक मंजर देख कांपा लोगों का कलेजा
इस पर बाबूराम ने बन्नूवाल नगर स्थित गौरव के घर जाकर डेढ़ लाख रुपये दिए। इसके बाद डेढ़ लाख रुपये उसके खाते में डाले और डेढ़ लाख दोबारा नकद दिए। गौरव ने उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। जानकारी करने पर ठगी का पता चला। गौरव से रुपये मांगे तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। बाबूराम के बेटे सूरजपाल ने बिथरी चैनपुर थाने में गौरव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।



