Bareilly News: निजी संचार कंपनी के दो कर्मियों पर एफआईआर दर्ज
बरेली। निजी संचार कंपनी के कर्मचारियों ने रविवार को आधी रात बिना अनुमति के सुभाषनगर के पटेल विहार में खोदाई कर डाली। भूमिगत बिजली की केबल कटी तो 3,000 से अधिक घरों की आपूर्ति ठप हो गई। सुभाष नगर के अभियंता तो सोमवार को सुबह से निजी कंपनी के कर्मचारियों का सहयोग लेकर केबल ठीक कराने में जुट गए थे, लेकिन जब मुख्य अभियंता ने नाराजी जताई तो अवर अभियंता ने सुभाषनगर थाने में तहरीर दी। जेई की तहरीर पर मंगलवार को प्रशांत कुमार व सूरज, रिलायंस जियो पॉवर कंपनी का प्रतिनिधि बताकर सुभाषनगर कोतवाली में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई है।
एफआईआर में प्रशांत कुमार के उस फोन नंबर का उल्लेख है जिससे अवर अभियंता के पास काॅल आई थी पर उनका और उनके सहयोगी रहे सूरज के पते का उल्लेख नहीं है। पते पुलिस को विवेचना में तलाशने होंगे। अवर अभियंता एसएल गुप्ता ने बताया कि जो उन्हें पता लगा है उसके मुताबिक फाइबर केबल डालने के लिए मशीन से इन प्रतिनिधियों ने खोदाई कराई थी। इसी दौरान बीडीए टू फीडर की भूमिगत केबल क्षतिग्रस्त हो गई। केबल क्षतिग्रस्त होने के बाद गड्ढे में मिट्टी भरकर निजी कंपनी के कर्मचारी भाग गए। बिजली कर्मचारियों ने फाॅल्ट तलाशा तो कई घंटे लगे जिससे 16 घंटे तक आपूर्ति ठप रही थी।
कोट-
अगर कोई कंपनी बिना अनुमति के खोदाई करते हैं और बिजली लाइन को क्षतिग्रस्त होती है तो एफआईआर दर्ज कराने की जिम्मेदारी संबधित क्षेत्र के अधिशासी अभियंता की है। इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। – राजीव कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता
40.50 लाख की क्षति, कंपनी से होगी वसूली
बरेली। मुख्य अभियंता ने बताया कि 40.50 लाख रुपये की वसूली निजी कंपनी से की जाएगी, क्योंकि केबल क्षतिग्रस्त हो गई थी। केबल काटने का जो अपराध निजी कंपनी के कर्मचारियों ने किया उसकी जांच पुलिस कर रही है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अभियंता पुलिस साक्ष्य देंगे।



