Pilibhit News: मुकदमा वापस न लेने पर चाकू से हमला
एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मुकदमा वापस न लेने पर दामाद ने सुनगढ़ी क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी में साले पर चाकू से हमला कर दिया। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला रामनगर कॉलोनी की सावित्री ने बताया कि उसकी पुत्री शिवानी का विवाह जिला बरेली के थाना फरीदपुर के आकाश शर्मा से हुआ था। शादी के बाद से ही और दहेज की मांग को लेकर पुत्री को परेशान किया जाता रहा तो पति व ससुराल वालाें के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इस समय वह मायके में रह रही है। 31 जुलाई को सावित्री खाना खाने के बाद अपने छोटे पुत्र रजत के साथ गांव बरहा वाली सड़क पर टहल रही थी। इसी दौरान उनका दामाद आकाश शर्मा, पिता रोहन लाल वर्मा समेत तीन लोगों के साथ कार से आया और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगा।
जब उन्होंने मुकदमा वापस लेने के लिए मना किया तो दामाद ने उनके छोटे पुत्र रजत पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख सभी लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। महिला ने मामले की शिकायत एसपी अतुल कुमार से की। सुनगढ़ी पुलिस ने दो नामजद सहित तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।



