Budaun News: इंटर कॉलेज के प्रबंधक व पिता पर एफआईआर
– कुंवर रुकुम सिंह वैदिक के प्रधानाचार्य ने शिक्षण कार्य में अवरोध पैदा करने और शराब पीकर कॉलेज आने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय पाल सिंह ने कॉलेज के प्रबंधक और उनके पिता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। प्रधानाचार्य का आरोप है कि प्रबंधक कॉलेज में शराब पीकर आते हैं और शिक्षण कार्य में बाधा उत्पन्न करते हैं। इससे छात्रों पर बुरा असर पड़ रहा है। कॉलेज के कर्मचारियों से अपने घर का कार्य कराते हैं।
प्रधानाचार्य का कहना है कि वह वर्ष 1989 से शिक्षण कार्य कर रहे हैं। 31 मार्च, 2024 को वह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अभी तक कॉलेज में ऐसी स्थिति कभी सामने नहीं आई, लेकिन कुछ समय से कॉलेज का माहौल खराब है। प्रबंधक कुंवर रंजीत सिंह राठौर प्रार्थना सभा से लेकर छुट्टी होने तक कॉलेज में ही रहते हैं।
चीख-चीखकर बात करते हैं। कई बार शराब पीकर कॉलेज आते हैं। इससे शिक्षकों और कर्मचारियों में डर का माहौल बन रहा है और तो और कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अपने घर भेजकर उनसे कार्य कराते हैं। इससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है और छात्रों में गलत संदेश जा रहा है। रंजीत सिंह के पिता कुंवर शिवराज सिंह राठौर भी कभी-कभी शराब पीकर कॉलेज आ जाते हैं।
28 जुलाई, 2023 की सुबह छुट्टा पशुओं की वजह से कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया गया था। जब रंजीत सिंह कॉलेज पहुंचे और गेट बंद देखा तो वह आग बबूला हो गए। उन्हाेंने कॉलेज के गेट से ही गालीगलौज शुरू कर दी। उन्होंने इसका विरोध किया तो प्रबंधक ने उनसे कॉलेज से भाग जाने को कहा। वह हाथापाई भी करने लगे। कर्मचारियों ने आकर उन्हें बचाया।
प्रधानाचार्य का कहना है कि कुंवर शिवराज सिंह राठौर से शिकायत की तो उन्होंने भी अभद्रता की। आरोप है कि वह सेवानिवृत्त हाेने जा रहे हैं, इसलिए प्रबंधक उनसे एक लाख रुपये मांग रहे हैं। न देने पर फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी। लिपिक से कहा कि उनकी सर्विस बुक घर पहुंचा दें। आरोप है कि प्रबंधक कर्मचारियों की नियुक्ति, स्थानांतरण और पदोन्नति तक में लाखों रुपये वसूले हैं।
प्रधानाचार्य ने संयुक्त शिक्षा निदेशक बरेली से भी शिकायत की है। डीआईओएस के आदेश पर विभागीय जांच भी कराई जा रही है। इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसकी विवेचना कराई जा रही है। जो सच्चाई सामने आएगी। उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
कक्षाओं में नहीं पढ़ाते शिक्षक, टोकने पर लगाए आरोप
प्रबंधक कुंवर रंजीत सिंह राठौर का कहना है कि कॉलेज में शिक्षण कार्य काफी खराब चल रहा है। कुछ शिक्षक सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। वह कक्षाओं में ही नहीं जाते। उन्होंने कई बार टोका। मन माफिक छुट्टी ली जा रही है। कॉलेज में बच्चों से काम कराया जा रहा है। उन्हें पढ़ाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इन सबके लिए टोकने पर आरोप लगाए हैं। वह शराब पीना तो दूर हाथ तक नहीं लगाते। उन्होंने भी साक्ष्य सहित शिकायत की है।



