Shahjahanpur News: 42 घंटे बाद रामगंगा में झाड़ियों में फंसा मिला सोनू का शव

मृतक सोनू का फाइल फोटो
मिर्जापुर। बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुकटिया रुंध निवासी मृतक सोनू (25) का शव रामगंगा नदी के किनारे झाड़ियों में फंसा मिला है। उसका शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी के तेज प्रवाह में बहे सचिन और ओमकार का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लग सका है।
सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे कलान के चौराबगर खेत स्थित ससुराल में सोनू का पत्नी तुलसी से विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर सोनू ने रामगंगा में कूद गया था। मंगलवार को सोनू को तलाश करने के लिए चौंरा बगरखेत निवासी सचिन और ओमकार समेत पांच युवक नदी में उतरे थे। तेज प्रवाह में सचिन और ओमकार भी बह गए थे। उनकी तलाश में पूरे दिन फ्लड यूनिट लगी रही। बुधवार को करीब नौ बजे सोनू का शव ग्राम चिकटिया पहाड़पुर के निकट नदी के किनारे झाड़ियों में फंसा बरामद हो गया है। सचिन और ओमकार की पीएसी की फ्लड यूनिट और प्राइवेट गोताखोर नदी में तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पिता ने तहरीर दी, कहा-किसी का दोष नहीं
मृतक सोनू के पिता ऋषिपाल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र सोनू ग्राम चौंरा बगरखेत में अपनी ससुराल आया था। सोमवार को वह रामगंगा में नहाने गया था। गहरे पानी में चले जाने से डूब गया है। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है।
एसडीएम ने किया निरीक्षण
एसडीएम महेश कुमार कैथल और नायब तहसीलदार पूनम मधुकर ने रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण कर नदी में लापता हुए दोनों युवकों को हर हालत में तलाश करने के निर्देश पीएसी फ्लड यूनिट और गोताखोरों को दिए हैं। देर शाम तक उनका पता नहीं लग सका है।

