Rampur News: तिरंगा यात्रा ने जगाई देशभक्ति की अलख, गूंजे देश प्रेम के गीत
रामपुर। मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत दूसरे दिन शहर में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। जगह-जगह स्वच्छता अभियान चलाकर देश को तरक्की के रास्ते ले जाने का संकल्प लिया गया।बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद से अध्यक्ष सना मामून और ईओ अवनीश कुमार ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा नगर पालिका से शाहबाद गेट, स्टार चौराहा होते हुए गांधी समाधि पहुंची, जहां मेरी माटी मेरा देश के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया। देश प्रेम के गीतों ने लोगों को भावविभोर कर दिया। पालिका अध्यक्ष सना मामून ने पालिका कन्या इंटर कॉलेज की ओर से हुए कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस मौके पर अध्यक्ष पति मामून शाह, मीडिया प्रभारी सैय्यद फैसल हसन, एजाज खान, शेजी शाहवेज, अंकुश अग्रवाल, खान पाशा आदि मौजूद रहे। इसके अलावा बटालियन सीआरपीएफ रामपुर के द्वारा मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने कैंप में साफ-सफाई का अभियान चलाया। जिसमें बढ़चढ़ कर लोगों ने हिस्सा लिया। अभियान के तहत 239 बटालियन कमांडेंट गौरव सिंह ने स्वच्छता की महत्ता के बारे में सभी जवानों और अधिकारियों को बताया। इसके साथ ही द्वितीय कमान अधिकारी सतीश चंद्र, उप कमांडेंट कैलाश चौधरी, निरीक्षक सूबेदार मेजर और मीडिया प्रभारी अमित राणा ने भी साफ-सफाई कर आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की प्रेरणा दी।


