Rampur News: 15 अगस्त को 201 अमृत सरोवरों पर होगा ध्वजारोहण
रामपुर। जिले के 201 अमृत सरोवरों पर स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ पर ध्वजारोहण होगा। इसके लिए अमृत सरोवरों को तैयार किया गया है। इनमें पानी भरकर विशेष रूप से साफ-सफाई की गई है। परियोजना विभाग ने सरोवरों का सौंदर्यीकरण का कार्य भी शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है।
आजादी के अमृत महोत्सव में जिले में अमृत सरोवर बनाए गए हैं। गत वर्ष से जिले में सरोवरों पर कार्य चल रहा था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। ग्राम्य विकास विभाग व मनरेगा की ओर से जिले में 201 स्थानों पर अमृत सरोवर तैयार हो चुके हैं। इनमें सरोवरों का सौंदर्यीकरण, चारों तरफ रंग-बिरंगी टाइल्स बिछाने के अलावा, पौधरोपण, बैठने के लिए कुर्सी, और हरी घास बिछाई गई है। इनको पानी से लबालब भरा गया है। स्वतंत्रता दिवस के दिन एक साथ इन अमृत सरोवर पर ध्वजारोहण होगा। गांवों में बने यह सरोवर लोगों को आजादी के शूरवीरों की याद दिलाएंगे। परियोजना निदेशक मंशाराम यादव ने बताया कि जिले में 201 स्थानों पर अमृत सरोवर बनकर तैयार हो चुके हैं। स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण होगा।
सरोवरों पर खर्च हुए 10 लाख रुपये
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत बनाए गए अमृत सरोवरों पर ग्राम पंचायतों द्वारा पांच से लेकर दस लाख रुपये तक खर्च किए गए हैं। तालाबों के आसपास सौंदर्यीकरण, टाइल्स बिछाने के साथ, सीमेंट की कुर्सी, रंगाई-पुताई सहित अन्य कार्य हुए हैं, जिन पर यह खर्चा हुआ है। छोटे सरोवर पर पांच तो बड़े तालाब पर करीब दस लाख रुपये तक खर्च हुए हैं।
जिले के अमृत सरोवरों पर सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। सौंदर्यीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। आजादी के अमृत महोत्सव में यह तालाब बनाए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर इन सरोवरों पर ध्वजारोहण होगा।
– नंद किशोर कलाल, मुख्य विकास अधिकारी, रामपुर।


