Pilibhit News: पांचवें दिन दर्ज हुई विवाहिता की हत्या की रिपोर्ट
पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर नौ लोगों को नामजद किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने के मामले की बृहस्पतिवार को पांचवें दिन रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर नौ लोगों को नामजद किया है।
थाना गजरौला के गांव शिवनगर निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि उनकी बहन निशा शर्मा का विवाह वर्ष 2013 में थाना करेली के गांव गौहरपुर निवासी दोदराम से हुआ था। ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। मायके वालों ने जब खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो उन्होंने विवाहिता का उत्पीड़न शुरू कर दिया।
दोनों पक्षों में कई बार समझौते के प्रयास हुए लेकिन सभी विफल रहे। आरोप है कि वर पक्ष ने पांच अगस्त को विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। जानकारी होने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे। विवाहिता के भाई ने उसी दिन थाने में नामजद तहरीर दी। तब पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही।
थाना प्रभारी जगदीप मलिक ने बताया कि मुकेश की तहरीर पर विवाहिता को दहेज के लिए प्रताडि़त करने, मारपीट और हत्या करने के आरोप में बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में गौहरपुर निवासी दोदराम और उसके रिश्तेदारों गांव भितिया निवासी सुभाष, जोगेद्र, श्यामाचरन के अलावा करेली गांव के निर्देश शर्मा, बनवारीलाल शर्मा, ममता देवी, रीना देवी और शालू को नामजद किया गया है।
ससुरालियों ने विवाहिता के पिता को पीटा, रिपोर्ट दर्ज
बीसलपुर। शाहजहांपुर के थाना सिंघौली के गांव मुडिय़ा पंवार निवासी श्याम सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह थाना करेली के गांव रामपुर बसंत में हुआ है। ससुराल पक्ष के लोग उनकी पुत्री को आए दिन मारते-पीटते हैं। जानकारी के बाद जब श्याम सिंह रामपुर बसंत आए और ससुरालियों से अपनी पुत्री को बेवजह पीटने की शिकायत की तो उन्होंने मारपीट की। पुलिस ने गांव रामपुर बसंत निवासी शिवम सिंह, विनोद सिंह, अरविंद सिंह, धीरेंद्र सिंह और पंकज सिंह को नामजद किया गया है। संवाद