Budaun News: पनबड़िया विद्युत उपकेंद्र का गियर बक्सा खराब, अंधेरे में डूबे रहे कई इलाके
बृहस्पतिवार शाम खराब हो गया था गियर बक्सा जो मध्यरात्रि में हुआ ठीक
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में बृहस्पतिवार शाम पनबड़िया विद्युत उपकेंद्र का गियर बक्सा खराब हो जाने से आधा शहर अंधेरे में डूब गया। देर रात तक कर्मचारी इस ठीक करने में लगे रहे। जिससे मध्यरात्रि में आपूर्ति दुरुस्त हो पाई।
बृहस्पतिवार शाम पनबड़िया विद्युत उपकेंद्र का 33 केवीए लाइन का गियर बक्सा खराब हो गया। पनबड़िया विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत शहर के जोगीपुरा से लेकर जवाहरपुरी और तिराहे तक कई इलाके आते हैं। गियर बक्सा खराब होने से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। शाम के समय खराब हुए गियर बक्से की वजह से शहरवासियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
शुरुआत में लोग समझते रहे कि बारिश की वजह से बिजली गुल हुई है लेकिन जब दो-तीन घंटे तक बिजली नहीं आई तो लोगों को ज्यादा परेशानी हुई। ऐसे में उन्होंने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉल की। तब कहीं लोगों को पता चला कि विद्युत उपकेंद्र का गियर बक्सा खराब हो गया है।
एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि रात 12 बजे गियर बक्सा ठीक हुआ। वह खुद मौके पर मौजूद रहे। जिसके बाद आपूर्ति सुचारू की जा सकी।