Budaun News: पालिका कार्यालय परिसर में चंदन का पेड़ काटा

उझानी पालिका परिसर में कटे पड़े चंदन के पेड़ को देखते कर्मचारी। संवाद
कर्मचारियों के शोर मचाने पर चोर भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार रात चोरों ने चंदन का पेड़ काट कर गिरा दिया। दूसरे पेड़ पर भी आरी चलाई, लेकिन पेड़ गिरने की आवाज पर जागे कर्मचारियों के शोर मचाने पर चोर कटा पेड़, तीन आरी मौके पर ही छोड़ कर भाग गए।
घटना बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे की है। पालिका कार्यालय परिसर में ईओ के निवास के सामने बगीचे में चंदन के तीन पेड़ लगे हैं। 40 साल पुराने पेड़ों में एक की मोटाई अन्य दोनों के मुकाबले अधिक है।
सफाई निरीक्षक हरीश त्यागी ने बताया कि रात में जब पेड़ गिरने की आवाज सुनकर कर्मचारियों ने शोर मचाया तो चोर दीवार फांद कर भाग गए। उन्होंने और चालक मुनेश यादव ने चोरों का पीछा भी किया, लेकिन वे हत्थे नहीं आए। सफाई निरीक्षक ने रात में ही पुलिस कर्मियों को मौके पर बुला लिया। पुलिस ने मौके पर मिलीं आरी कब्जे में ले ली। ईओ अब्दुल सबूर ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
–
सीसीटीवी कैमरे में दिखे चार युवक
सफाई निरीक्षक हरीश त्यागी के साथ पुलिस कर्मियों ने आसपास इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई। जिसमें चार युवक पालिका गेट के आसपास घूमते दिखे पर उनकी पहचान नहीं हो सकी। दो कैमरों की फुटेज निकलवा ली गई है।