Bareilly News: बर्थडे पार्टी में रेलकर्मी के बेटे ने की थी फायरिंग, मां बोली- नशे में हो गई गलती

बर्थडे पार्टी में की थी फायरिंग
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बरेली के सुभाषनगर में पुलिया के पास बर्थडे पार्टी में तमंचे से फायरिंग करते युवकों का वीडियो वायरल हुआ था। इनमें एक आरोपी रिजवान जेल जा चुका है, जबकि दो युवकों को पुलिस तलाश कर रही है। फायरिंग करने वाला दूसरा आरोपी रेहान रेलवे कर्मी का बेटा है। उसकी मां ने जबरन बेटे से फायरिंग कराने का आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत की है।
बब्बनपुरवा निवासी शाकरा ने एसएसपी कार्यालय में पत्र देकर बताया कि उनके पति मुरादाबाद में रेलवे कर्मचारी के रूप में तैनात हैं। मोहल्ले की एक महिला गलत काम करती है, जिसका वह विरोध करती है। उस महिला के बेटे ने उनके बेटे रिहान से दोस्ती की। उसी लड़के फैसल का सप्ताह भर पहले जन्मदिन था।
नशे में किया था फायर
उनके बेटे को बर्थडे पार्टी में फोन करके बुलाया गया। बर्थडे पार्टी में दो तमंचे तो फैसल के हाथ में थे, जबकि अन्य लोगों पर भी तमंचे थे। उनके बेटे को शराब पिलाकर तमंचा हाथ में दे दिया गया, कहा कि जैसे ही केट कटेगा तो फायर करना है। कार की डिकी पर रखा केक काटा गया तो उनके बेटे ने नशे में फायर कर दिया।
फायरिंग की वीडियो बनाई गई और उसे इंस्टाग्राम समेत दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट पर वायरल कर दिया गया। शाकरा ने बेटे को गिरफ्तार न करने की गुजारिश की। इधर सुभाष नगर थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि रेहान और फैसल ही मुख्य आरोपी हैं। पार्टी में शामिल सभी लड़कों की गिरफ्तारी की जाएगी।



