Bareilly News: रास्ते में रख दिए ट्रांसफार्मर, सिर पर बिजली लाइनों का खतरा
बरेली। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अभियंताओं ने मुख्य मार्ग पर ट्राॅली ट्रांसफार्मर खड़ा करा दिया। इससे बदायूं रोड स्थित इटौआ मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। हादसे होने का भी खतरा है।
रामचंद्रपुरम काॅलोनी के निकट ढाई माह पहले ट्रांसफार्मर फुंक गया था। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अभियंताओं ने ट्राॅली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति सुचारु करा दी है। अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। ट्राॅली ट्रांसफार्मर आधी सड़क को घेरे हुए है। इसी रास्ते पर पांच प्रमुख विद्यालय हैं। पूरे दिन आवागमन रहता है। वाहन गुजरते हैं। सुबह नौ से 10 बजे ऑफिस जाने वाले और शाम पांच बजे के बाद यहां भीड़ और बढ़ जाती है, लेकिन बिजली निगम को इसकी परवाह नहीं है। ट्रांसफार्मर के ठीक बगल में मुख्य मार्ग पर खुले तार हैं। करंट का खतरा सिर पर है। यहां से 200 मीटर आगे ग्रीन वैली के निकट एक और ट्रॉली ट्रांसफार्मर खड़ा किया गया है। यहां भी आवागमन प्रभावित हो रहा है।
इन कॉलोनियों के लोग हो रहे परेशान
रामचंद्रपुरम, ग्रीन वैली, विवेक विहार, मारुति विहार, तिरुपति धाम, इटौआ, आनंद विहार, रघु वाटिका, भू-वाटिका, प्रेम विहार के लोगों के लिए यही प्रमुख मार्ग है। विद्युत निगम के अभियंताओं ने उनकी समस्या बढ़ा दी है।
कोट
वैकल्पिक व्यवस्था में ट्राॅली ट्रांसफार्मर लगाए जाते हैं। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर के ठीक होकर आने के बाद ट्रॉली ट्रांसफार्मर को हटा दिया जाता है। ये दो ट्रांसफार्मर अब तक क्यों नहीं बदले गए, इसे चेक कराएंगे। – अमित आनंद, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम



