Bareilly News: रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत, चालक समेत छह यात्री घायल
बिथरी चैनपुर (बरेली)। बड़ा बाईपास के इन्वर्टिस जीरो प्वाइंट पर रोडवेज बस और ट्रक में आमने सामने भिड़ंत हो गई। बस ड्राइवर समेत छह लोग गंभीर घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर ट्रक कब्जे में ले लिया है।
सोमवार शाम बरेली से यात्रियों को लेकर रोडवेज बस फर्रुखाबाद जा रही थी। बस नेशनल हाईवे के जीरो प्वॉइंट पर पहुंची तभी शाहजहांपुर से बरेली की ओर आ रहे ट्रक से बस की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद चीखपुकार मच गई। हादसे की सूचना पर रजऊ चौकी इंचार्ज मनोज कुमार पहुंचे। हादसे में फर्रुखाबाद निवासी बस चालक अशोक कुमार को ज्यादा चोट आई। इसके अलावा फर्रुखाबाद के ही यात्री गांव नौगवां निवासी निर्वान सिंह, राजेश राठौर व कटरा (शाहजहांपुर) निवासी जगतपाल समेत छह लोगों को चोट आई। ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया।
हादसे के बाद बस चालक ने परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों को सूचना दी तो उन्होंने कहा कि यात्रियों को सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल में ही भर्ती कराएं, ताकि उन्हें उचित मुआवजा मिलने का रास्ता बन सके। तब पुलिस व ड्राइवर ने एंबुलेंस 108 को कई कॉल कीं। एंबुलेंस चालक लंबे समय तक आने की बात कहकर टालता रहा। बताते हैं कि इस दौरान यात्री कराहते रहे। करीब पौन घंटे बाद एंबुलेंस आने पर यात्रियों को भिजवाया जा सका।
जेहन में कौंध गया छह साल पुराना हादसा
जीरो प्वाइंट पर बस-ट्रक की ठीक उसी जगह भिड़ंत हुई जहां 2017 में भीषण हादसा हुआ था। तब रात एक बजे ट्रक से आमने सामने ऐसी ही टक्कर के बाद रोडवेज बस में आग लग गई थी। अधिकतर यात्री नींद में थे। बच्चे और बुजुर्ग तो बचाव ही न कर सके। उस घटना में करीब 25 लोगों की बस में जिंदा जलकर मौत हो गई थी। कुछ झुलसे लोगों ने बाद में दम तोड़ा था। लोग अपने परिजनों के शव नहीं पहचान पा रहे थे तो सामूहिक दास संस्कार किया गया था।


