Bareilly News: अघोषित कटौती से परेशान ग्रामीणों ने घेरा बिजलीघर
भुता। अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को भुता बिजलीघर का घेराव कर दिया। गेट पर भारी हंगामे के बाद भी बिजली निगम का कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंचा। लाइनमैन को अपनी पीड़ा बताकर ग्रामीण लौट गए।
क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिजली संकट बना हुआ है। निर्धारित 18 घंटे की जगह पांच से छह घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। पिछले 24 घंटे से फैजनगर फीडर से जुड़े गांवों में आपूर्ति ठप है। शिकायत के बाद भी बिजली निगम के कर्मचारी ध्यान नहीं देते। इसको लेकर सोमवार को आक्रोश भड़क गए। मिर्जापुर, महेशपुर, रावल कला, बहादुरपुर, मल्हपुर, दलपतपुर समेत कई गांव के ग्रामीण इकठ्ठा होकर भुता बिजलीघर पहुंचे।
ग्रामीणों ने कहा कि अधिकारी अपनी एसी दफ्तरों में बैठे रहते हैं और क्षेत्र की जनता पिछले 15 दिनों से भीषण गर्मी में कटौती का सामना कर रही है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होती। मामूली फॉल्ट सही करने में भी एक-एक सप्ताह का समय लग जाता है। बिजलीघर के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने पर कर्मचारी रिसीव नहीं करते।
ग्रामीणों ने काफी देर तक गेट पर नारेबाजी की मगर एसडीओ और जेई मौके पर नहीं पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारियों से ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। लाइनमैन ने ग्रामीणों को जल्द सुधार का आश्वासन दिया। इसके बाद वह लौट गए। प्रदर्शन करने वालों में सतनाम सिंह, रघुवीर गंगवार, देवेंद्र सिंह, बाबू गिरी, राजीव कुमार, महेश कुमार, जितेंद्र कुमार, नरेंद्र पाल, टेकचंद आदि शामिल रहे।
शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
फरीदपुर। कस्बे में बिजली की अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। फॉल्ट मरम्मत के नाम पर एक घंटे में कई बार आपूर्ति बंद कर दी जाती है। निर्धारित शेड्यूल से आधे समय भी बिजली नहीं मिल रही। पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति का हाल और बुरा है। विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह और एसडीएम से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ है। संवाद
हाफिजगंज में आठ घंटे ही मिल रही बिजली
हाफिजगंज। मनमानी बिजली कटौती से भीषण गर्मी में लोगों का हाल बुरा है। क्षेत्र के मुस्ताक अंसारी, शराफत हुसैन, पूर्व प्रधान अकील अंसारी आदि ने बताया कि दिन और रात दोनों समय कटौती की जा रही है। बमुश्किल आठ घंटे बिजली मिल रही है। ग्रामीणों ने एसडीओ शिकायत कर निर्धारति शेड्यूल से बिजली देने की मांग की है। संवाद



