Shahjahanpur News: एसडीओ रोजा करेंगे बिजली बिलों में गड़बड़ी की जांच
शाहजहांपुर। मीटर रीडरों द्वारा उपभोक्ताओं के घरों पर न जाकर मनमाने तरीके से रीडिंग लेने की शिकायत मिलने के बाद जांच करने पहुंचे एसई जेपी वर्मा को 51 बिल संदिग्ध मिले थे। उन्होंने अन्य बिलों में गड़बड़ी होने की भी आशंका जताई थी। पूरे मामले की जांच के लिए रोजा डिवीजन के एसडीओ मनीष चंद्रा को मामले की जांच सौंपी गई है।
19 अगस्त को एसई के पास आए उपभोक्ता ने नया मीटर लगने के बाद भी भारी-भरकम बिल आने की शिकायत की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वे तुरंत जांच करने रोजा डिवीजन गए थे। वहां जांच में उन्हें 51 बिल संदिग्ध मिले थे। इसके अतिरिक्त एसई से अन्य उपभोक्ताओं ने भी मीटर रीडरों की मनमानी की शिकायत की थी।
एसई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामलों की जांच के निर्देश एसडीओ को दिए हैं। उन्होंने बताया कि जानबूझ कर खराब किए बिलों की जांच होगी। रीडर द्वारा बिना मीटर देखे बिल बनाने की शिकायतों की पड़ताल भी कराई जाएगी।

