Shahjahanpur News: खन्नौत नदी पुल पर दिसंबर तक चलने लगेंगे वाहन
शाहजहांपुर। लोदीपुर में खन्नौत नदी पर नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसका 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों का दावा है कि दिसंबर तक पुल का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा और वाहन भी चलने लगेंगे।
पुल का निर्माण कार्य सेतु निगम की ओर से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य मार्च-2023 में शुरू हुआ था, जिसको मार्च-2024 तक पूरा किए जाने का समय निर्धारित है। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों का मानना है कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो पुल का निर्माण तय समय से तीन माह पहले दिसंबर तक पूरा हो जाएगा।
खिरनीबाग से सुभाष चौराहा तक टू लेन सड़क बन चुकी है। खन्नौत नदी का पुल संकरा होने की वजह से आए दिन जाम की समस्या रहती थी। इसके मद्देनजर वित्त एवं संसदीय मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रयास करके खन्नौत नदी पर पुल बनवाने का प्रस्ताव पारित कराया था। सेतु निगम बहुत तेजी से पुल का निर्माण करा रहा है। अभी छह माह भी नहीं बीते हैं, पुल का निर्माण 45 प्रतिशत पूरा हो चुका है। सेतु निगम के अधिकारियों के मुताबिक, पुल का निर्माण दिसंबर में पूरा हो जाएगा। शहरवासियों को नए साल पर नया पुल सौगात के रूप में मिलेगा।
12 करोड़ की लागत से हो रहा पुल का निर्माण
सेतु निगम 12 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण करा रहा है। पुल की लंबाई सौ मीटर और चौड़ाई साढ़े सात मीटर है। पुल का निर्माण कार्य दिन और रात दोनों शिफ्टों में हो रहा है। इसका निर्माण होने से जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। एक पुल से वाहन शहर से बाहर निकलेंगे और एक पुल से वाहन शहर के अंदर घुसेंगे, जिससे आसानी से वाहन गुजर सकेंगे और कोई दुर्घटना की संभावनाएं दूर हो जाएंगी। सेतु निगम के अधिकारियों मुताबिक, पुल की क्षमता एक लाख लोडिंग की है।
बारिश और नदी का जलस्तर
काम में नहीं बन रहा बाधा
बारिश के सीजन में भी लगातार पुल का निर्माण कार्य जारी है। हाल में खन्नौत नदी का जलस्तर भी बढ़ गया था, लेकिन पुल के निर्माण की गति धीमी नहीं हुई है। पुल के निर्माण में मशीनों के साथ मजदूरों से भी काम लिया जा रहा है।
खन्नौत नदी पुल का काम काफी तेजी से हो रहा है। अभी छह माह भी पूरे नहीं हुए हैं, 45 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। संभावना है कि दिसंबर तक पुल के निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और इस पर वाहन चलने लगेंगे।
– बिजेंद्र मौर्या, डीपीएम, सेतु निगम

