Shahjahanpur News: टुकड़ों में मिली बिजली आपूर्ति, परेशान रहे हथौड़ा उपकेंद्र के हजारों उपभोक्ता

शाहजहांपुर के रोजा में रेलवे लाइन के किनारे बिजली लाइन को सही करते कर्मचारी
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी में 33 केवी लाइन में फाल्ट आने के कारण हथौड़ा विद्युत उपकेंद्र के हजाराें उपभोक्ता परेशान रहेे। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सिटी पार्क उपकेंद्र से लाइन जोड़कर टुकड़ों में सप्लाई दी गई। सोमवार को अंडरग्राउंड केबल सही कराने के बाद सप्लाई नियमित हो सकी। इसके अतिरिक्त भी नगर में कई जगह पर बिजली आपूर्ति बाधित रहीं।
रविवार को हथौड़ा उपकेंद्र की 33 केवी लाइन ट्रिप हो गई थी। काफी प्रयास के बाद भी सफलता न मिलने पर सिटी पार्क से लाइन को जोड़ा गया। दोनों उपकेंद्रों को चलाने के दौरान ओवरलाेडिंग के चलते काट-काटकर क्षेत्रों को सप्लाई दी गई। इधर, अवर अभियंता ने सुबह आठ बजे फाल्ट की तलाश शुरू कराई। रेलवे लाइन के किनारे अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट को दोपहर में सही कराकर आपूर्ति को बहाल किया गया।
कांवड़ यात्रा के चलते बंद की गई सप्लाई
अजीजगंज उपकेंद्र को रविवार रात करीब दस बजे बंद कर दिया गया। बिजली कर्मियों के अनुसार, कांवड़ यात्रा के चलते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति ठप होने के चलते लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। बिजली के इंतजार में लोग छतों पर टहलते नजर आए।
बंच लाइन जलने से टाउन हाॅल का फीडर बंद
रविवार रात 11 बजे कटिया टोला में बंच लाइन जलने के चलते गोविंदगंज विद्युत उपकेंद्र का टाउन हॉल फीडर ठप हो गया। बिजली गुल होने से क्षेत्र में अंधेरा छा गया। गर्मी के चलते लोग परेशान रहे। करीब 45 मिनट के बाद सप्लाई को बहाल किया। इसी तरह निगोही रोड उपकेंद्र में रात 12 बजे लाइन में ट्रिपिंग आने से लोग परेशान रहे।
बहादुरगंज उपकेंद्र डेढ़ घंटे रहा बंद
सोमवार की शाम करीब पांच बजे बहादुरगंज उपकेंद्र पर मरम्मत का काम किया गया। यहां पर पूर्व में खराब सीटी को लगाने के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। उमस भरी गर्मी में बिजली गायब होने पर उपकेंद्र का फोन बजता रहा। सप्लाई बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

