Shahjahanpur News: डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के कर्मचारी हड़ताल पर, लोगों ने सड़कों पर फेंका कूड़़ा
शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करवाया जा रहा है। इसमें लगे कर्मचारी सोमवार को हड़ताल पर चले गए। उनका कहना है कि अब तक उन्हें भुगतान नहीं मिला है। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन रुक गया है। लोग घरों का कूड़ा सड़कों पर फेंक रहे हैं।
सोमवार को उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वाल्मीकि के नेतृत्व में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले कर्मचारी गांधी भवन में एकत्रित हुए। जहां पर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इसके बाद वहीं धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर प्रदीप ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए पहले जिस कंपनी को ठेका दिया गया था, उसने कर्मचारियों का भुगतान नहीं किया। इसके साथ ही पीएफ और एएसआई भी नहीं मिल रहा। अब नगर निगम के हाथ में व्यवस्था आने के बाद भी कर्मचारी भुगतान से वंचित हैं।
बोले- जब तक कर्मचारियों को दो माह का वेतन नहीं मिल जाता, काम बंद हड़ताल जारी रहेगी। कोई कर्मचारी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं करेगा। उनकी मांग है कि रक्षाबंधन से पहले वेतन का भुगतान किया जाए। धरना प्रदर्शन करने वालों में हिमांशु, गोपी, अरुण, शिवम, रहीस, संजीव, अभिषेक, रोहित आदि शामिल रहे। उधर, कूड़ा उठान न होने से सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए। मंगलवार को स्थिति और भी खराब हो सकती है।

