Bareilly News: अब तमंचा लोड करते रेहान का वीडियो वायरल
बरेली। सुभाषनगर में पुलिया के पास हुई बर्थ-डे पार्टी व फायरिंग के मामले में रोज नए वीडियो सामने आ रहे हैं। फरार चल रहे रेहान का टेंपो में बैठकर तमंचा लोड करते हुए एक और वीडियो वायरल हो रहा है। मंगलवार को आरोपी फैजल की मां तंजीम ने एसएसपी से मिलकर बेटे को बेगुनाह बताते हुए रेहान व अन्य पर कार्रवाई की मांग की।
तंजीम ने बताया कि 10 अगस्त को उसके बेटे फैजल का जन्मदिन था। फैजल केक लेकर घर आ रहा था। रास्ते में रेहान व कुछ लड़के खड़े मिले। उन्होंने पुलिया के पास ही केक काटने के लिए कहा। फैजल ने मना किया तो इनमें से एक ने झाग वाला स्प्रे उसके ऊपर डाल दिया। इस बीच रेहान व अन्य लड़कों ने तमंचे से हवाई फायर कर दिए। बाद में इसका वीडियो वायरल कर उनके बेटे को फंसा दिया।
उन्होंने बताया कि 20 अगस्त की रात रेहान टेंपो में बैठकर आया था। उनके सामने ही तमंचा लोड किया और धमकाकर कहा कि दो लाख रुपये मेरी मां को दे दो, वरना तुम्हारे पति व बेटे को मार दूंगा। उनकी बेटी ने रेहान की हरकत का वीडियो बना लिया। आरोप लगाया कि रेहान अपने हिस्ट्रीशीटर मामा जहूरा के साथ चोरी, तमंचा बेचने जैसे काम करता है। उसके माता-पिता भी गलत धंधों में लिप्त हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।



