Budaun News: इस्माइलपुर में कच्चे मकान की दीवार ढही, पांच लोग दबे, बालक की मौत

गांव इस्माइलपुर अल्लैपुर में इसी दीवार से दबकर हुई थी बालक की मौत। संवाद
सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव इस्माइलपुर में बुधवार अल सुबह सुबह करीब चार बजे एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से परिवार के पांच लोग दब गए। इसमें 12 साल के अल्फेज की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और तीन भाई घायल हो गए। दो लोगों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस्माइलपुर निवासी मौसम अली दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी अफसाना और चार बच्चे गांव में रहते हैं। उनके मकान का कुछ हिस्सा कच्ची ईंटों का बना था। उसी पर परिवार वालों ने टाट और पन्नी डाल रखी थी। बताते हैं कि मंगलवार रात अफसाना और उनके चारों बच्चे उसी मकान में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे अचानक कच्ची ईंटों की बनी दीवार उनके ऊपर गिर गई। इसमें परिवार के पांचों सदस्य दब गए।
दीवार गिरने की आवास सुनकर आसपास के तमाम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी लोगों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक अल्फेज की मौत हो गई। इस हादसे में अफसाना और तीन साल के अहमद रजा को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन मन्नू और फैजान को काफी चोटें आई हैं। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया।
सूचना पर नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक अरविंद सिंह और हलका लेखपाल मनोज कुमार पहुंच गए। उन्होंने मौका मुआयना करते हुए इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी है।
फोटो
बिसौली में मकान की कच्ची छत गिरी, चार लोग दबे
बिसौली। कस्बे से सटे गांव हतसा में एक मकान की कच्ची छत गिर गई। मकान में मुकेश की पत्नी सुनीता, बेटी दिव्या, प्रज्ञा और बेटा सिद्धार्थ सो रहा था। चारों लोग उसके मलबे में दब गए, लेकिन आसपास के लोगों ने उन्हें सुरक्षित निकाल दिया। इसी मकान में उनका बेड, फ्रिज, कूलर समेत काफी सामान दबकर टूट गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे हलका लेखपाल संदीप कुमार ने मौका मुआयना करते हुए उसकी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी है। संवाद

गांव इस्माइलपुर अल्लैपुर में इसी दीवार से दबकर हुई थी बालक की मौत। संवाद