Pilibhit News: गोली मारकर घायल किए गए युवक ने दम तोड़ा

अनुज का फाइल फोटो ।
बीसलपुर। कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के गांव अखोला निवासी 18 वर्षीय अनुज त्रिवेदी ने बृहस्पतिवार शाम दम तोड़ दिया। उन्हें 17 अगस्त को खेत पर जाते समय रास्ते में घेरकर गोली मार दी गई थी। अनुज का बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली के गांव नगीपुर अखौला निवासी अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि उनका भाई अनुज 17 अगस्त को खेत पर चारा लेने गया था। वहां पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही तीन लोगों ने पुरानी रंजिश में अनुज के सीने में 315 बोर के तमंचे से गोली मार दी थी। अनुज को इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
तमाम कोशिश के बाद भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने इलाज जारी रखने से मना कर दिया। इस पर बृहस्पतिवार शाम परिजन अनुज को घर ले आए, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। घरवालों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की रिपोर्ट अभिषेक ने ही 17 अगस्त को कोतवाली में गांव के ही रमेश चंद्र, उनके पुत्र कुशलेश और शिवनेश के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश भी दी, लेकिन वे हाथ नहीं आए। इंस्पेक्टर क्राइम अरुण कुमार ने बताया कि पहले से दर्ज हत्या के प्रयास की रिपोर्ट को ही हत्या में तरमीम किया जाएगा। अनुज की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मेढ़ के विवाद को लेकर चल रही रंजिश में तीसरा कत्ल
वर्ष 2009 में अनुज के पिता और चाचा की हो चुकी है हत्या
नगीपुर अखौला निवासी अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि अनुज पर जानलेवा हमले में नामजद लोगों ने ही 26 फरवरी 2009 को उनके पिता भगवान शंकर और चाचा हरीशंकर की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इन लोगों से खेत की मेढ़ को लेकर रंजिश चल रही है। दोहरे हत्याकांड में तीनों आरोपी जेल चले गए। लगभग सवा साल पहले पूर्व तीनों उच्च न्यायालय से मिली जमानत के आधार पर जेल से बाहर आ गए।
वर्ष 2009 में दोहरा हत्याकांड होने के बाद आरोपियों के परिजनों ने गांव छोड़ दिया और पीलीभीत में रहने लगे। गांव स्थित उनका घर भी खंडहर हो गया। जेल से जमानत पर छूटने के बाद तीनों आरोपी भी पीलीभीत में अपने परिजनों के साथ रहने लगे। बीच-बीच में वे गांव आकर अपनी जमीन की देखभाल कर जाते थे। आरोपियों ने जमीन ठेके पर उठा रखी है। अनुज पर जानलेवा हमले से तीन दिन पहले आरोपी गांव में एक समारोह में सामिल होने आए थे।

अनुज का फाइल फोटो ।