Budaun News: छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने के लिए भाकियू ने निकाला जुलूस
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sat, 26 Aug 2023 12:52 AM IST

बिसौली में जुलूस की शक्ल में ज्ञापन देने जाते भाकियू के कार्यकर्ता। संवाद
बिसौली। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने युवा मंडल अध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में हाईवे पर जुलूस निकाला। उन्होंने बिजली कटौती और छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। साथ ही लेखपालों पर स्थानीय होने के कारण सही काम न करने का आरोप लगाया। आठ सूत्री ज्ञापन एसडीएम कल्पना जायसवाल को सौंपा।
भाकियू नेताओं ने एसडीएम को बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में टुकड़ों में बामुश्किल आठ घंटे सप्लाई मिल रही है। उसमें भी लो वोल्टेज आते हैं, इससे फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर मन मुताबिक कार्य करने और ट्रांसफार्मर बदलवाने पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया।
किसानों का कहना था कि छुट्टा पशुओं को संरक्षित करने के नाम पर कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे हैं। सड़कों पर खुलेआम आवारा पशु घूम रहे हैं। कई लेखपाल स्थानीय निवासी होने के कारण एकपक्षीय कार्रवाई करते हैं। इन्हें अन्य तहसील में स्थान्तरित न किया गया तो किसान बड़ा आंदोलन करेंगे। किसानों की बात सुनकर एसडीएम ने जांचोपरांत कार्यवाही का भरोसा दिलाया।