Rampur News: रामपुर में सभी वाहनों के लिए बंद हुआ हाईवे
रामपुर। सावन के आखिरी सोमवार पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर सभी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। शुक्रवार शाम से ही रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। अब हाईवे की दोनों लेन पर सिर्फ कांवड़िये चल रहे हैं। कार बाइक, रोडवेज बस, ट्रक समेत सभी वाहन बदले मार्ग से गुजारे जा रहे हैं। रूट डायवर्जन सोमवार तक लागू रहेगा।
बृहस्पतिवार को हाईवे पर भारी वाहनों के लिए यातायात बंद किया गया था। शुक्रवार को हाईवे पर कार, बाइक आदि हल्के वाहन गुजरे, लेकिन कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए शाम से हाईवे पर सभी तरह के वाहनों का संचालन बंद कर दिया गया। हाईवे की दोनों लेन पर अब सिर्फ कांवड़िये चल रहे हैं। हाईवे पूरी तरह बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सावन के आखिरी सोमवार पर होने वाले जलाभिषेक के लिए कांवड़िये ब्रजघाट, हरिद्वार आदि गंगाघाटाें से जल लेने के लिए गुजर रहे हैं। इसको देखते हुए हाईवे पर जीरो ट्रैफिक का निर्णय लिया है। सभी वाहनों को बदले रूट से निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को स्थिति को देखते हुए दोपहर से डायवर्जन समाप्त कर यातायात खोल दिया जाएगा। – डॉ. संसार सिंह, एएसपी, रामपुर।
इन रास्तों से गुजारे जा रहे वाहन
रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन अजीतपुर बाईपास से पटवाई होकर शाहबाद जा रहे हैं। यहां से बिलारी होकर मुरादाबाद पहुंचेंगे। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर निकाला जा रहा है।
रामपुर से बरेली जाने वाले वाहनों को अजीतपुर बाईपास से पटवाई होकर शाहबाद गुजारा जा रहा है। यहां से वाहन रामनगर, आंवला, अलीगंज होकर बरेली पहुंच रहे हैं।
-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली जा रहे हैं।
-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा जा रहा है।
-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा जा रहा है।
रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजारे जा रहे हैं। हल्द्वानी-रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन यहीं से गुजर रहे हैं।
हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा जा रहा है।

