रामपुर

Rampur News: पौधे लगाने की शर्त पर मिल रही शांतिभंग के आरोपियों को जमानत

Connect News 24

रामपुर। शांतिभंग में बंद आरोपियों को यदि जमानत चाहिए तो उन्हें अपने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में पौधे लगाने होंगे। इस तरह की शर्त बकायदा जमानत के तौर पर रखी गई है। पर्यावरण प्रदूषण को खत्म कर धरती को हरा भरा रखने के लिहाज से एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता ने यह पहल शुरू की है। एसडीएम की इस पहल की काफी चर्चा हो रही है।एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता ने शांतिभंग के मामलों में अपनी कोर्ट में आने वाले लोगों के लिए नई शर्त रखी है। शर्त के अनुसार यदि कोई व्यक्ति शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार होकर उनकी कोर्ट में आता है तो जमानत शर्तों में इस बात का उल्लेख किया जाता है कि वह जमानत मिलने के बाद गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में पौधे रोपित करेगा। पौधे रोपित करने के बाद इसकी फोटो भी उनके मोबाइल पर भेजेगा। यदि आरोपी युवक पौधे लगाते हुए फोटो नहीं भेजेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। एसडीएम की इस मुहिम के तहत पिछले एक सप्ताह में पचास से ज्यादा लोगों पौधरोपण कर चुके हैं।

सार्वजनिक स्थानों पर लगाने होते हैं पौधे

जमानत शर्त के मुताबिक जमानत पाने वाले आरोपी को अपने गांव पहुंचकर ग्राम समाज की जमीन, सरकारी स्कूल, कब्रिस्तान, मंदिर, श्मशान या मस्जिद के आसपास प्रधान, पूर्व प्रधान या किसी अन्य सामाजिक व्यक्ति के सामने फलदार पौधे को लगाना होंगे। एसडीएम कोर्ट में तारीख पड़ने पर इन फोटो को अपने साथ लाने की भी बात रखी गई है।

पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पेड़-पौधे होना जरूरी है। और इसी के तहत इस तरह का फैसला लिया गया है, ताकि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता आए। अब तक पचास से ज्यादा लोग पौधे रोपित कर चुके हैं। पौधे लगवाने की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

जगमोहन गुप्ता, एसडीएम सदर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button