पीलीभीत

Pilibhit News: हत्या का केस दर्ज कर आत्महत्या बता रही पुलिस

Connect News 24

बीसलपुर। कोतवाली पुलिस ने गांव अखौला के अनुज हत्याकांड मामले में तीन नामजद आरोपियोंं में से दो को शनिवार को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्याकांड को संदिग्ध मान रही है। उसे अनुज के खुद गोली मारकर आत्महत्या करने का शक है। हालांकि जानलेवा हमले में दर्ज रिपोर्ट को हत्या में तरमीम कर दिया है।

गांव अखौला निवासी अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि 17 अगस्त को उनका 18 वर्षीय भाई अनुज खेत से चारा लेने गया था, तभी वहां पहले से ही मौजूद गांव के ही तीन लोगों ने उसके सीने में तमंचे से गोली मार दी थी। अनुज को इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 24 अगस्त की देर रात अनुज की मौत हो गई थी।

पुलिस ने अभिषेक की तहरीर पर 17 अगस्त को ही जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इसमें गांव के ही रमेश चंद्र और उसके दो बेटों सुवनेश व कुशलेश को नामजद किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा हत्या में तरमीम कर दिया और शनिवार सुबह नामजद आरोपी रमेश व सुवनेश को हिरासत में ले लिया।

कोतवाल अशोक पाल और पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश शुक्ला ने दोनों से पूछताछ की। बकौल पुलिस, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 अगस्त को घटना के समय वे दोनों पीलीभीत में अपनी नौकरी पर थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के बताए प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो दोनों आरोपी घटना के समय संबंधित प्रतिष्ठानों में काम करते दिखाई दिए।

कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस का मानना है कि अनुज ने घरेलू कलह के चलते खुद गोली मारकर आत्महत्या की है। घरवालों ने पुरानी रंजिश के आधार पर विरोधियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। इससे अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक को भी अवगत करा दिया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button