Budaun News: भैंस की पूंछ पकड़कर रामगंगा पार कर युवक डूबा

पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते मृतक सचिन के परिजन। संवाद
– हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव हर्रामपुर का मामला
– शुक्रवार शाम से युवक को तलाश कर रहे थे परिवार वाले
संवाद न्यूज एजेंसी
म्याऊं (बदायूं)। हजरतपुर इलाके में भैंस की पूंछ पकड़कर रामगंगा पार कर रहे 19 वर्षीय युवक सचिन की डूबने से मौत हो गई। परिवार वाले शुक्रवार शाम से उसे तलाश रहे थे। शनिवार सुबह उसका शव मिला।
ग्राम हर्रामपुर निवासी सचिन (19) पुत्र धूप सिंह उर्फ धूम सिंह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह अपने पिता और भाइयों के साथ खेतीबाड़ी कराता था। दिन में भैंसों को चराने भी जाता था। परिवार वालों के अनुसार शुक्रवार को सचिन अपने मोहल्ले के बच्चों के साथ भैंसों को चराने ले गया था। शाम करीब पांच बजे लौटते समय सचिन ने रामगंगा नदी को पार करने के लिए उसने एक भैंस की पूंछ पकड़ ली। बताते हैं कि अचानक उसके हाथ से भैंस की पूंछ छूट गई और वह डूब गया। उसे देखकर साथी बच्चों ने शोर मचाया। इससे गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने युवक की रामगंगा में तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह फिर परिवार वालों ने उसकी खोजबीन की। सुबह कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को रामगंगा नदी से निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।