Bareilly News: दो घरों में लाखों का सामान समेट ले गए चोर
देवरनियां। गांव चंद्रपुर चुबकिया में चोरों ने दो घर खंगाल डाले। दोनों घरों से चोर लाखों का सामान ले गए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज में करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों की तस्वीर कैद हुई है।
गांव चंदपुर चुबकिया निवासी एडवोकेट हरविंदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात उनके माता-पिता बरामदे में सो रहे थे। रात में उनके घर में घुसे चोर उनकी अलमारी उठाकर घर के बाहर ले गए और सरिया से दरवाजा खोलकर उसमें रखें सोने के दो हार, एक चैन, दो अंगूठी, एक टीका और कपड़े आदि सामान घर का दरवाजा तोड़कर ले गए। माताजी सुबह उठीं तो उन्होंने सामान बिखरा देखा और परिवार वालों को सूचना दी। चोरी गए सामान की कीमत करीब चार लाख बताई जा रही है।
वहीं, हरविंदर सिंह के पड़ोस में रहने वाले किशन सिंह के घर से भी चोर अलमारी का दरवाजा तोड़कर उसमें रखे सोने का हार, दो अंगूठी, एक जोड़ी सुई-धागा, एक जोड़ी झाला, एक जोड़ी चांदी की पायल चुरा ले गए। यहां करीब आठ लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। जेवरातों के कुछ डिब्बे स्कूल के पास में पड़े मिले।
सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीडितों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। देर शाम रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस एडवोकेट हरविंदर सिंह के घर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है। करीब छह नकाबपोश बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि सूचना पर मौका मुआयना किया है। जांच की जा रही है, जल्द ही चोर गिरफ्त में होंगे।



