Rampur News: जिला अस्पताल में बनेगी इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब
रामपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला अस्पताल में आईपीएचएल (इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब) बनाई जाएगी। इससे मरीजों की 90 प्रकार की जांच एक ही जगह पर होकर उन्हें आसानी से रिपोर्ट मिल सकेगी। इसके बाद मरीज का इलाज आसान हो सकेगा।
जिला अस्पताल में पैथोलॉजी लैब में सीबीसी, डेंगू, मलेरिया, थॉयराइड, सहित 22 प्रकार की खून की जांच होती है। टीबी और एचआईवी की जांच अलग-अलग कक्षों में होती है। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर भागना पड़ता है। मरीज को एक ही स्थान पर जांच की सुविधा देने के मकसद से जिला अस्पताल में ही आईपीएचएल लैब की स्थापना की जाएगी।
इस लैब के बनने से मरीजों को 90 प्रकार की बीमारियों से जुड़ी जांच रिपोर्ट 24 घंटे के अंदर मिल सकेगी। मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए जिला अस्पताल में 4800 वर्ग फीट जगह देखी जा चुकी है। अस्पताल की ओपीडी के बराबर में इस लैब का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्कीम के तहत इस लैब का संचालन होगा। इसके निर्माण को टेंडर जारी कर दिए हैं।
11 एलटी, एक माइक्रोबाइलॉजिस्ट की होगी नियुक्ति
11 लैब टेक्नीशियन, एक माइक्रोबाइलॉजिस्ट, एक बायोकेमिस्ट के साथ में पैथोलॉजिस्ट रखे जाएंगे। बीएसएल टू मानक की लैब में डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस, मलेरिया, डायरिया, टीबी सहित संचारी रोगों से जड़ी जांचें तथा कैंसर, ह्दय रोग, मधुमेह, गुर्दा, मोतियाबिंद, अल्जाइमर आदि बीमारियों की जांच हो सकेगी।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के मकसद से काम किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में आईपीएचएल लैब बनने से मरीजों को काफी सहूलियत होगी। उनको एक स्थान पर जांच की सुविधा मिलेगी।