रामपुर

Rampur News: कर्तव्य पथ पर डटीं तो कहीं जाम पथ पर जूझीं बहनें

Connect News 24

रामपुर। रक्षाबंधन पर तमाम बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए दूर-दूराज तक गईं, वहीं तमाम बहनें ऐसी थी जो त्योहार पर भी अपना कर्तव्य निभाती नजर आईं। जिले में रक्षाबंधन के अवसर पर अधिकतर कार्यालय, स्कूल, कोर्ट, कचहरी तो बंद रहे, लेकिन पुलिस और स्वास्थ्य महकमे की महिला कर्मचारी अपनी ड्यूटी निभाती नजर आईं। अस्पताल मेें मरीजों की देखभाल करने वाली नर्स हों या फिर आमजन की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात महिला पुलिसकर्मी। इन सबने त्योहार पर भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधने से ज्यादा जरूरी अपने दायित्वों का निर्वहन करना समझा और ड्यूटी को निभाया। इन महिलाकर्मियों ने अपना फर्ज निभाकर ही त्योहार मना लिया। अधिकतर महिला कर्मियों ने बताया कि छुट्टी न मिल पाने के कारण उन्होंने पहले ही अपने भाइयों को राखी भेज दी थी।

ये बोलीं बहनें

पुलिस की ड्यूटी में त्योहार का कोई अवकाश नहीं होता। रक्षाबंधन पर भाई को राखी न बांध पाने का मलाल जरूर है। मगर इस वर्दी का दायित्व निभाना भी बहुत जरूरी है। भाई को डाक के जरिये पहले ही राखी भेज दी थी। फोटो

रीता कुमारी, इंस्पेक्टर

पुलिस की नौकरी में त्योहार पर अवकाश मिलना बहुत मुश्किल होता है। इसलिए रक्षाबंधन पर भाई को पहले ही राखी भिजवा दी थी। त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी निभाना ज्यादा जरूरी होता है।

-दीपा चौहान, दरोगा

त्योहार के मौके पर इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं काफी अहम हो जाती हैं। अस्पताल में ड्यटी लगने के चलते घर नहीं जा पाई। भाई को डाक के जरिये राखी भेज दी थी। आखिर मरीजों के प्रति हमारी भी जिम्मेदारी बनती है।

-पुष्पा, महिला अस्पताल, स्टाफ नर्स

रक्षाबंधन के पर्व पर सुबह में शुभ मूहुर्त में भाई को राखी बांध दी थी। 10 बजे अस्पताल में इमरजेंसी में अपनी ड्यूटी करने के लिए पहुंच गई। मरीजों की देखभाल और उन्हें इलाज उपलब्ध कराना भी हमारी जिम्मेदारी है।

ममता, स्टाफ नर्स, जिला अस्पताल।

रोडवेज बसों की कमी के चलते रही मारामारी

रामपुर। रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ रही। सुबह घर से निकलीं बहनें मुश्किलें झेलती हुईं गंतव्य तक पहुंचीं। शाम को वापसी के समय भी काफी भीड़ रही। वहीं सड़कों पर भीड़ के चलते जगह-जगह जाम की स्थिति बनती रही। रोडवेज बस स्टैंड पर लोकल रूट में जाने के लिए यात्रियों को परेशान होना पड़ा।

स्थानीय रोडवेज डिपो में बसों की कमी रक्षाबंधन के दिन यात्रियों के आड़े आई। निगम के अधिकारियों ने त्योहार से पहले यात्रियों को सुगम सफर कराने के दावे किए थे, लेकिन वास्तव में यह दावे हवाई साबित हुए। बुधवार को दिल्ली से आ रही रोडवेज बसों में खचाखच भीड़ रही थी। बृहस्पतिवार को भी कुछ ऐसे ही हालात रहे। रोडवेज बस स्टैंड पर दिल्ली से आने वाली बसों में बहुत भीड़ रही। यहां से दिल्ली के लिए रवाना हुई बसों में बैठने के लिए यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ी।

रक्षाबंधन पर लोकल रूट में मिलक, पटवाई, शाहबाद, बिलासपुर व स्वार टांडा की ओर जाने वाले यात्रियों को असुविधा हुई। उन्हें समय से बस नहीं मिली। ट्रेनों में भी भीड़ रही। दिल्ली ये यहां आने वाली ट्रेनें यात्रियों की भीड़ से खचाखच भरी नजर आईं। स्टेशन पर पहुंची आला हजरत एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रियों की काफी भीड़ थी। त्योहार मनाने के बाद अब यात्रियों की वापसी होनी शुरू हो चुकी है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button