रामपुर

Rampur News: जिंदगी की डोर काट रहा चीनी मांझा

Connect News 24

रामपुर। आसमान में उड़ती पतंगों को काटने की होड़ में चीनी मांझा न जाने कितने लोगों और पक्षियों की जिंदगी की डोर काट रहा है। प्रतिबंध के बाद भी चीनी मांझे का न इस्तेमाल रुका और न बिक्री। हादसा होने पर प्रशासन कुछ दिन अभियान के नाम पर खानापूर्ति करके शांत बैठ जाता है। दो दिन पहले चीनी मांझे से गर्दन कटने दो घायल दो वर्षीय बच्चे के 30 टांके लगाए गए। पतंगबाजी के शौकीन लोग पतंग काटने के फेर में चीनी मांझा इस्तेमाल करते हैं। उड़ता हुआ चीनी मांझा जब किसी बाइक सवार की गर्दन में फंस जाता है तो गर्दन कट जाती है। एक सप्ताह में ऐसे ही दो हादसे हो चुके हैं। इसके अलावा चाइनीज मांझा मैटेलिक पाउडर से बनता है इसके चलते इससे बिजली लाइन में फाल्ट हो जाता है, और तारों पर लटकते मांझे को छूने से करंट लगने से कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

केस संख्या-1

चीन मांझे से मौत का पहला मामला वर्ष 2016 में सामने आया था। सेंटमेरी स्कूल के पास बाइक सवार युवक की गर्दन कटी थी। बाद में उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था।

केस संख्या-2

वर्ष 2017 में मुहल्ला घेर कलंदर खां में नानी के घर आए सात साल के अरमान पुत्र सादिक की मौत हो गई थी। बिजली के तार पर लटकते चीनी मांझे को पकड़ते ही करंट लगने से मौत हो गई थी।

केस संख्या-3

19 मई 2021 को चीनी मांझे की चपेट में आकर शहर के घेर कलंदर खां निवासी कल्लू के बेटे 20 वर्षीय जाने आलम की मौत हो गई थी। उसके भी बिजली लाइन पर लटकता चीनी मांझा छू गया था। करंट लगने से बाइक समेत गिर गया था और उसकी मौत हो गई थी।

केस संख्या-4

कुछ माह पहले तीन साल की मासूम बच्ची की चीनी मांझे से कटकर मौत हो गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने अभियान भी चलाया था। केस संख्या-5

छह माह पहले स्वार रोड पर चीनी मांझे में फंसकर स्कूटी सवार दो महिलाएं गिरकर घायल हो गईं थीं। उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।

केस संख्या-6

नैनीताल रोड पर बृहस्पतिवार को पिता के साथ बाइक से जा रहे दो साल के मासूम मुस्तफा की चीनी मांझे से गर्दन कट गई। उसके 30 टांके लगाए गए।

बिजली भी गुल कर रहा चाइनीज मांझा

चाइनीज मांझा नायलॉन और मैटेलिक पाउडर से बनता है। इसे खींचने पर यह टूटता नहीं है बल्कि बढ़ता है। इसके अलावा यह इसलिए भी खतरनाक है क्योंकि इलेक्ट्रिक कंडक्टर होता है। इससे करंट का खतरा भी रहता है। साथ ही चाइनीज मांझा जब बिजली लाइन के दो तारों से एक साथ छूता है तो फाल्ट हो जाता है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने जुलाई 2017 में चीनी मांझे की बिक्री पर पूरे देश में बैन लगा दिया था।

चीनी मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस को इस संबंध में अभियान चलाने के आदेश दिए जा चुके हैं। लोग चीनी मांझे का इस्तेमाल न करें। साथ ही इस प्रकार का मांझा बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। – डॉ. संसार सिंह, एएसपी, रामपुर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button