Rampur News: संदिग्ध परिस्थिति में युवक की हरिद्वार में मौत
सैदनगर। हरदासपुर कोटरा के युवक की हरिद्वार में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
हरदासपुर कोटवा गांव निवासी चंद्रपाल( 22) बीते कई साल से हरिद्वार में काम करता था। युवक बिजली के पंखे बनाने वाले किसी कारखाने में रहकर नौकरी करता था। दो दिन पूर्व युवक फैक्टरी में हुए हादसे के चलते गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके चलते फैक्टरी वालों ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। बृहस्रपतिवार की सुबह युवक का शव गांव पहुंचा तो हत्या का आरोप लगाते हुए परिजन हंगामा करने लगे। ग्राम प्रधान ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अजीमनगर पुलिस गांव पहुंच गए। पंचनामा भरवाने के बाद पुलिस युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई। थाना अध्यक्ष अमर सिंह राठौर ने बताया युवक की मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।