Bareilly News: अनदेखी के पंच से बॉक्सिंग रिंग ‘ढेर’
बरेली। उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में बरेली बॉक्सिंग संघ की ओर से 14 से 17 मई तक यूथ मेन प्रदेशीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए 11 मई तक आवेदन मांगे जा रहे हैं, लेकिन स्पोर्ट्स स्टेडियम में बॉक्सिंग रिंग अनदेखी का शिकार है। बॉक्सिंग रिंग की हालत बेहद खराब है। ऐसे में बदहाल रिंग में मुक्केबाज अभ्यास नहीं कर पाते हैं।
2019 के बाद से बॉक्सिंग खेल का स्तर गिरता ही चला गया है। एक समय था जब स्टेडियम में 100 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी रोजाना प्रशिक्षण लेने आते थे, लेकिन कोरोना के बाद से ही शहर में बॉक्सिंग प्रतियोगिता नहीं हुई। खुले में पड़ी बॉक्सिंग रिंग तीन साल तक बारिश और धूप की मार खाती रही। लंबे समय तक हाईकोर्ट में कोच की नियुक्ति को लेकर केस चला जिसके बाद दो महीने पहले ही बरेली स्टेडियम में प्रशिक्षक की नियुक्ति की गई। अब बॉक्सिंग के स्तर को दोबारा से बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन सवाल यह है कि टूटी रिंग और दो महीने के प्रशिक्षण से खिलाड़ी कैसे पदक जीतेंगे।
खिलाड़ियों का कहना है कि कोरोना काल के बाद वह निजी एकेडमी, स्कूल व जिम में प्रशिक्षण करते रहे। स्टेडियम के अधिकारियों का तर्क है कि निदेशालय से फंड उपलब्ध नहीं हुआ है। उनका कहना है कि यहां से पत्र भेज दिया जाता है। इसके बाद खेल निदेशालय अपने स्तर से फंड जारी करता है।
13 श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
46 किलोग्राम से लेकर 92 किलोग्राम से अधिक की 13 श्रेणी बनाई गई हैं। इसमें 17 से 18 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता में आवेदन करने के लिए आधिकारिक ईमेल पर एंट्री भेजनी होगी। आवेदन 11 मई तक किया जा सकता है।
मुकाबले में भाग लेने का मिला मौका
पिछले दो महीनों से स्टेडियम में प्रशिक्षण हो रहा है। पहले की तरह अब लड़कियां प्रशिक्षण लेने नहीं आती हैं। जब यहां कोच नहीं था तो निजी एकेडमी में बॉक्सिंग सीखनी पड़ती थी। इसकी वजह से कोई प्रतियोगिता में भाग भी नहीं ले सकी। अब यह पहली बार है जहां मुकाबला खेलने का मौका मिलेगा। – शिवनी कश्यप
अब कड़ी मेहनत करनी होगी
मैं पिछले पांच साल से बॉक्सिंग सीख रहा हूं। पहले यही कोच सिखाते थे। फिर तीन साल एक सीनियर खिलाड़ी के साथ ही प्रशिक्षण लेता रहा। इसकी वजह इस दौरान कोई पदक भी नहीं आया। अब दोबारा से प्रतियोगिताएं शुरू हो रही हैं। इसलिए कड़ी मेहनत करनी होगी। – माइकल निशु हलदार
बरेली बॉक्सिंग संघ की ओर से रिंग दुरुस्त कराने की बात कही गई है। मरम्मत करके इस पर टीन शेड डाला जाएगा और प्रतियोगिता होगी। पुरुषों के साथ महिलाओं के लिए बॉक्सिंग का स्तर बढ़ाने का प्रयास है। – मुकेश यादव, बॉक्सिंग कोच व संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन



