Bareilly News: भूमिगत केबल में फाॅल्ट से शाहदाना क्षेत्र के 75 लोगों की नींद उड़ी
बरेली। गर्मी बढ़ने से शाहदाना सबस्टेशन पर लोड 350 से बढ़कर 450 एंपीयर हो गया है। सिस्टम इसके लिए तैयार नहीं है। लोड बढ़ने से सोमवार रात 8:30 बजे सिविल लाइंस से शाहदाना के बीच भूमिगत केबल में बरेली कॉलेज के सामने फाॅल्ट हो गया। इससे आपूर्ति ठप हो गई। सबस्टेशन से जुड़े सात फीडरों के 75 हजार उपभोक्ताओं की नींद उड़ गई। अभियंताओं ने रात 11:30 बजे दूसरे सबस्टेशन से वैकल्पिक व्यवस्था करके आपूर्ति सुचारु कराई। नगर निगम से सड़क खोदने की अनुमति ली गई और मंगलवार दोपहर में फाॅल्ट ठीक किया। दिन में चार बजे आपूर्ति फिर से सिविल लाइंस सबस्टेशन से चालू हो सकी। एसडीओ गौरव शर्मा ने बताया कि भूमिगत केबल में फॉल्ट से आपूर्ति प्रभावित हुई है। सिंगल केबल है। अब रीवैंप योजना में एक और केबल डाला जाएगा ताकि एक केबल में फाॅल्ट होने पर दूसरे केबल से आपूर्ति दी जा सके।
एजाजनगर गौटिया के 50 परिवारों को 12 घंटे तक नहीं मिली बिजली
जगतपुर सबस्टेशन से जुड़े एजाजनगर गौटिया में 50 से अधिक परिवारों को सोमवार रात दो बजे सेे मंगलवार दोपहर दो बजे तक बिजली नहीं मिल सकी। बिजली के साथ पानी का भी संकट रहा। लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। पंखे-कूलर नहीं चलने से लोग पसीना बहाते रहे।
मोहल्ले की बेबी ने बताया कि रात में दो बजे जब बिजली गई तो पंखा बंद होने से नींद खुल गई। बाकी समय जागते हुए बीता। मेराज ने बताया कि सबमर्सिबल पंप नहीं चलने की वजह से पानी के लिए भी तरसना पड़ा। बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा परेशान हुए। मोहल्ले के पूर्व पार्षद मुशर्रफ ने कहा कि आपूर्ति न मिलने से 50 परिवार बेहाल रहे। जगतपुर सबस्टेशन अवर अभियंता ने बताया कि एबीसी केबल पिघलकर गिर जाने से आपूर्ति बाधित हुई थी। केबल बदलने में थोड़ा समय लगा, लेकिन दोपहर बाद आपूर्ति बहाल हो गई।



