बरेली

Bareilly News: सीएचसी प्रभारी पर बच्चा बेचने का आरोप

Connect News 24

बहेड़ी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रोहम और स्टाफ नर्स सुमनलता के बीच चल रहे विवाद में अब स्टाफ नर्स ने डॉ. रोहम पर बच्चा बेचने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है। वहीं, सीएचसी प्रभारी का कहना है कि तबादला होने की वजह से स्टाफ नर्स झूठे आरोप लगा रही है। डीएम ने मामले की जांच एसडीएम बहेड़ी को दी है।

स्टाफ नर्स कुछ दिन पहले ही तबादला होकर बहेड़ी सीएचसी आई हैं। काफी समय से उनका प्रभारी डॉ. रोहम से विवाद चल रहा है। कई बार परिसर में हंगामा भी हो चुका है। विवाद की जानकारी उच्च अधिकारियों को होने के बाद बीते दिनों स्टाफ नर्स का तबादला भुड़िया कॉलोनी के डिलीवरी प्वाइंट पर कर दिया गया। सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंची सुमनलता ने सीएचसी प्रभारी पर बच्चा बेचने का आरोप लगाया।

कहा कि 20 अगस्त को एक महिला की डिलीवरी दिखाई गई है। उस महिला का प्रसव ही नहीं हुआ। बच्चा किसी और का था। फर्जी तरीके से कागजों में महिला को अस्पताल में भर्ती दिखाकर सीएचसी प्रभारी ने किसी दूसरे का बच्चा महिला को दे दिया। आरोप है कि इसके बदले मोटी रकम भी वसूली गई। वहीं, डॉ. रोहम का कहना है कि सुमनलता जिस दिन का मामला बता रहीं हैं उस दिन वह छुट्टी पर थे।

सीएचसी पर तैनात सफाई कर्मचारी की बहन ने अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। आपसी सहमति पर सफाई कर्मचारी ने बच्चे को गोद ले लिया। उन्होंने बताया कि एक वरिष्ठ कर्मचारी से विवाद होने के बाद सुमनलता का तबादला किया गया है। इसके बाद से वह लगातार झूठे आरोप लगा रही हैं। पहले उन्होंने जान से मारने की कोशिश करने, अस्पताल में आने वाली दवाईंया बेचने, वसूली का आरोप लगाया था। अब वह बच्चा बेचने की बात कह रही हैं। मामले में एसडीएम बहेड़ी अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि अब तक मेरे पास जांच का आदेश नहीं आया है। अगर डीएम कार्यालय से आदेश मिलता है तो जांच की जाएगी। अस्पताल जाकर रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जाएगी।

वर्जन:

प्रकरण संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा मामला सामने आया है तो इसकी जांच कराई जाएगी। – डॉ. सुदेश कुमारी, प्रभारी सीएमओ


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button