हर माह हों खेल गतिविधियां : डीएम

गांधी सभागार में बैठक लेते डीएम ।
गांधी सभागार में हुई खेल एवं विकास प्रोत्साहन समिति की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत । जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार ने निर्देश दिए कि स्टेडियम में हर माह कोई न कोई खेल गतिविधि होती रहनी चाहिए।
बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला खेल एवं विकास प्रोत्साहन समिति की बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार ने शासन से मिले बजट और गांधी स्टेडियम में मौजूद संसाधनों से होने वाली आय की जानकारी दी । शासन के निर्देश पर 20 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें सम्मानित किए जाने पर भी चर्चा हुई ।
जिलाधिकारी के शासन की गाइड लाइन के अनुसार ही खिलाड़ियों का चयन करने व पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता कराने और अत्याधुनिक जिम के लिए मशीन क्रय किए जाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नगर पालिका की चेयरमैन डॉ आस्था अग्रवाल, सीएमओ डॉ आलोक कुमार शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेंद्र कुमार चौधरी आदि अधिकारियों के अलावा वाॅलीबाॅल संघ के अध्यक्ष राजेश शुक्ला, फुटबॉल समिति अध्यक्ष कपिल देव, सुरेश कौशल, असित शुक्ला, रामकुमार मौर्य , गुरमेज सिंह, जगदीश सक्सेना आदि मौजूद रहे।