Rampur News: भाकियू नेता के भाई समेत तीन घरों में चोरी, कार छोड़कर भागे चोर
रामपुर। भोट थाना क्षेत्र के गांव सनकरा में बुधवार की देर रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर जेवर, नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। जबकि अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया, लेकिन जाग होने पर चोर भाग गए। ग्रामीणों ने चोरों का पीछा किया, लेकिन चोर कार सड़क किनारे खड़ी कर भाग गए। भाकियू नेता हनीफ वारसी के छोटे भाई हसीब वारसी गांव सनकरा में अपनी मां और पत्नी के साथ रहते हैं। बुधवार की रात उनकी पत्नी व मां कमरे में सो रही थी। रात करीब दो बजे चोर छत के सहारे घर में घुस आए और कमरे में रखे जेवर नकदी और कीमती सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोरों ने गांव निवासी मेंहदी हसन और आदिल के घर से जेवर और नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने गांव के ही इश्तेकार, नूर हसन व देवीचंद के घरों में चोरी का प्रयास किया, लेकिन गांव में जाग होने पर कार से भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के बाद चोरों का पीछा किया तो चोर कोयली पोस्ट के पास जंगल में सड़क किनारे कार छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस कार को थाने ले आई और जांच शुरू कर दी है।

