भारत जोड़ो यात्रा से राहुल गांधी ने देश को जोड़ा : नूरबानो
रामपुर। भारत जोड़ो यात्रा का एक वर्ष पूरा होने पर बृहस्पतिवार को कांग्रेसियों ने रामपुर में पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नफरत हटाओ देश बचाओ के जोरदार नारे लगाए। यह यात्रा कई जगह से होकर गुजरी। पूर्व सांसद बेगम नूर बानो के नेतृत्व में पदयात्रा जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर गांधी समाधि, नाहिद सिनेमा, राजद्वारा, मिस्टनगंज होते हुए किले के पूर्वी गेट पर समाप्त हुई। इससे पूर्व गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से देश में मोहब्बत का संदेश गया है। कहा कि राहुल गांधी ने यह साबित कर दिया कि वह गरीबों की आवाज हैं। राहुल गांधी देश को जोड़ने के लिए 4100 किलोमीटर पैदल चले।
पूर्व विधायक फूलकुंवर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने यह यात्रा अपने लिए या कांग्रेस के लिए नहीं, बल्कि देश के लोगों के लिए की है। सचिव और रामपुर के प्रभारी चौधरी असलम मियां ने कहा कि राहुल गांधी इस नफरत को हराकर ही दम लेंगे। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता, पूर्व विधायक अफरोज अली खां, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतिउर्रहमान खां बब्लू, शहर अध्यक्ष नोमान खां, हसीब खां, महेंद्र यदुवंशी, मुश्ताक अली आदि रहे।