Budaun News: उझानी में केबल बॉक्स फुंका, सात घंटे तक गुल रही बिजली

उझानी में बिजली उपकेंद्र पर ट्रांसफार्मर का केबल बॉक्स ठीक करते कर्मचारी। संवाद
– शनिवार तड़के तीन बजे तेज धमाके के साथ फटा ट्रांसफार्मर का केबल बॉक्स
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। बूंदाबांदी के दौरान बिजली उपकेंद्र पर शनिवार तड़के करीब तीन बजे 10 एमबीए क्षमता के ट्रांसफार्मर का केबल बॉक्स तेज धमाके के साथ फुंक गया। सुबह कर्मचारियों ने केबल बॉक्स दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया, जो दोपहर तक चला। इसके चलते करीब सात घंटे तक कस्बे की बिजली सप्लाई ठप रही।
बिजली उपकेंद्र पर केबल बॉक्स फुंकने की असल वजह उसमें बारिश का पानी चला जाना बताया जा रहा है। केबल बॉक्स फुंकने से पहले उसमें तेज आवाज के साथ धमाका भी हुआ। कंट्रोल रूम के इंचार्ज ने इसके बाद एसडीओ अभिषेक राय समेत जेई अमित कुमार को भी अवगत करा दिया। तड़के करीब पांच बजे केबल बॉक्स ठीक करने का काम शुरू कर दिया। बूंदाबांदी होते रहने के कारण के कर्मचारियों को दिक्कत भी आई। इसके बाद पॉलीथिन डालकर केबल बॉक्स के तार बदले गए। बताते हैं कि सुबह फिर से तेज बारिश शुरू हो जाने पर काम रोक दिया गया।
केबल बॉक्स के तार बदले जाने के बाद पूर्वाह्न में बिजली सप्लाई सुचारू हो पाई। सात घंटे तक सप्लाई ठप रहने से नगरीय उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल को लेकर हुई। बिजली कर्मियों की मानें तो एक महीना के दौरान दो बार केबल बॉक्स फुंक चुका है। पिछले दिनों उपकेंद्र परिसर में बारिश का पानी भर जाने से करीब 24 घंटे तक सप्लाई प्रभावित रही थी।
– केबल बॉक्स फुंकने के बाद चार घंटे में ही व्यवस्था दुरस्त कर ली गई, लेकिन सभी फीडर को एक साथ नहीं चलाए जाने से कुछ इलाकों में बाद में सप्लाई सुचारू हो पाई। बारिश की वजह से समय ज्यादा लग गया।- अमित कुमार, अवर अभियंता