बरेली

Bareilly News: व्यवस्था धराशायी… घर वापसी के लिए जूझते रहे जायरीन

Connect News 24

बरेली। आला हजरत के उर्स का मंगलवार को समापन हो गया। कुल की रस्म के बाद जायरीन की घर वापसी शुरू हुई तो जंक्शन और सिटी रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाएं धराशायी हो गईं। दोनों स्थानों पर भीड़ के बीच व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीआरपी और आरपीएफ को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा को नजरअंदाज कर जायरीन रेल ट्रैक पार करते दिखे।

जायरीन की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से मंगलवार को दो जोड़ी उर्स स्पेशल ट्रेनों के संचालन के साथ दो ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल कोच लगाए गए थे। दो सुपरफास्ट ट्रेनों को भी जंक्शन पर ठहराव दिया गया। रोडवेज ने भी लोकल समेत छह रूटों पर 282 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की थी पर ये सभी इंतजाम कम पड़ गए। घर वापसी के लिए जायरीन इधर-उधर भटकते रहे।

कुल के बाद जंक्शन, सिटी रेलवे स्टेशन और सेटेलाइट बस अड्डे पर दो से तीन घंटे तक ही यात्रियों का दबाव रहा। इसके बाद वहां सन्नाटा पसर गया। पीलीभीत और उत्तराखंड की ओर जाने वाली ट्रेनों व बसों में जायरीन की भीड़ रही। स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दोपहर में अप-डाउन में लगातार कई ट्रेनें थीं। ऐसे में भीड़ छंटती रही। रुहेलखंड डिपो के एआरएम अरुण कुमार वाजपेयी ने बताया कि करीब दो घंटे तक दबाव रहा। बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

पुराने बस अड्डे से बसों का संचालन शुरू

उर्स को देखते हुए बरेली डिपो ने तीन दिन के लिए पुराने बस अड्डे से बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। बरेली डिपो की बसों का संचालन रुहेलखंड डिपो के सेटेलाइट बस अड्डे से किया जा रहा था। मंगलवार को उर्स के समापन के बाद शाम को आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बदायूं, कासगंज, एटा, हाथरस रूट की बसों का संचालन पुराने बस अड्डे से शुरू कर दिया गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button