Rampur News: पीएम आवास योजना में मकान नहीं मिल सका, अब बारिश ने छत भी छीनी

रामपुर। तेज बारिश के कहर ने एक और परिवार के सिर से छत छीन ली है। दरअसल, परिवार ने काफी समय पहले से पीएम आवास योजना के लिए आवेदन किया था, कई बार कोशिशें भी की, लेकिन सरकारी सिस्टम के आगे विफल रहीं। अब कुदरत ने जर्जर मकान भी छीन लिया। बारिश के चलते पूरा घर मलबे में बिखर गया।
पुरानागंज के पाकड़ वाली मस्जिद के रहने वाले सुहेल अहमद ने 2021 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान के लिए आवेदन किया था। लेकिन बीच में दलालों की वजह से मकान उनको नहीं मिल सका। आलम यह रहा कि वह अपनी जिंदगी जर्जर मकान में रहकर गुजार रहे थे, मगर इस बारिश ने उनसे यह भी छीन ली। रात बारिश होने पर भरभराकर पूरा मकान का मलबा गिर गया। गनीमत यह रही कि परिवार में उनकी पत्नी और बच्चों को कुछ नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि उनकी दीवारें काफी जर्जर थीं और तीन दिन की बारिश में तर-बतर थी। उनको उसी समय से खतरा लग रहा था, जिससे वह सचेत हो गए थे, रात को भी वह काफी सचेत होकर सो रहे थे। इस दौरान रात करीब 12 बजे के आसपास मकान भरभराकर गिर पड़ा और उनके सिर की छत भी छिन गयी। जैसे-तैसे रात सामान की निगरानी करते हुए गुजारी। अब उनके पास सिर छिपाने के लिए भी कोई सहारा नहीं बचा है।