बदायूं

Budaun News: वसूली का विरोध करने पर हाथापाई तक करते हैं ठेकेदार के कारिंदे

Connect News 24

Contractor's workers even resort to scuffle when protesting against recovery

उझानी में पुलिस से ​शिकायत करने आए कछला के टेंपो चालक। संवाद

कछला गंगाघाट की बजाय हाईवे पर पार्किंग शुल्क वसूली का मामला

आरोपियों पर कार्रवाई के लिए उझानी आकर पुलिस को सौंपी तहरीर

संवाद न्यूज एजेंसी

उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट की बजाय हाईवे पर चौराहे के पास वाहनों से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का आरोप लगाते हुए टेंपो चालक शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे। आरोप लगाया कि अवैध उगाही का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। ठेकेदार के कारिंदों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को तहरीर भी सौंपी।

दोपहर में कोतवाली पहुंचे टेंपो चालक बुटला निवासी हर्षित, सत्यवीर सिंह, पीयरखंदना गांव के हरवीर और मंगलीराम, हरहरपुर निवासी देवेंद्र और छतुइया निवासी वीरेंद्र ने बताया कि उनके टेंपो कछला-उझानी के बीच संचालित हैं। आठ-नौ दिनों से पार्किंग ठेकेदार के कारिंदों ने कछला चौराहे पर पार्किंग शुल्क की वसूली शुरू कर दी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शुल्क नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। जबकि पार्किंग शुल्क वसूली का बरेली-मथुरा हाईवे स्थित कछला चौराहे पर कोई नियम नहीं है। टेंपो चालकों ने बताया कि विरोध भी किया गया, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन और कछला चौकी पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई।

इस बीच, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने टेंपो चालकों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार तिवारी से भी हकीकत का पता करने का निर्देश दिया।

ठेके की सीमा निर्धारित

कछला नगर पंचायत प्रशासन ने सात जुलाई को पार्किंग शुल्क का ठेका कासगंज जिले में सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव अनंगपुर निवासी फूलचंद्र के नाम 2.55 लाख रुपये में दिया था। पार्किंग शुल्क ठेका आवंटन के साथ शर्त भी रखी गई कि शुल्क गंगाघाट के वार्ड नंबर-तीन में कासगंज जिले के छोर स्थित हाईवे पर नगर पंचायत की सीमा में ही वसूल होगा। भारी वाहनों से 15 रुपया, मेटाडोर अन्य वाहनों से 12 रुपये, ट्रैक्टर, डनलप, टैक्सी से छह रुपये और बैलगाड़ी, तांगा, ठिलिया, रिक्शा से प्रति चक्कर तीन रुपये से अधिक वसूल नहीं किए जाएंगे।

कछला में अखबार वितरक से हाथापाई

अवैध वसूली का मामला सुर्खियों में आने के बाद ठेकेदार के कारिंदों ने शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बरेली से प्रकाशित एक अखबार के वितरक को घेर लिया। वितरक धनवीर सिंह ने बताया कि उसके साथ हाथापाई की गई। जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद धनवीर ने कोतवाली आकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली।

पार्किंग शुल्क वसूली को जो स्थान तय है, उसके अलावा किसी अन्य स्थान पर वसूली नहीं होने दी जाएगी। नामजदों को तलाश किया जा रहा है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

– मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button