Budaun News: गंगा में बही आठ साल की बालिका, खोजबीन जारी
अहमद नगर बछौरा घाट पर हुआ हादसा, तलाश में लगाए गोताखोर
संवाद न्यूज एजेंसी
उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव अहमद नगर बछौरा में मंगलवार शाम आठ वर्षीय बालिका आसमां गंगा के तेज बहाव में बह गई। उसकी तलाश में गोताखोर भी लगाए गए लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला। इससे परिवार वाले बेहद परेशान हैं।
ग्राम अहमद नगर बछौरा निवासी आसमां पुत्री भूरे हसन मंगलवार शाम गंगा किनारे खेलने गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव के नजदीक ही गंगा बह रही है। बालिका के साथ गांव के और भी बच्चे खेलने गए थे। सभी बच्चे शाम करीब चार बजे गंगा किनारे खेल रहे थे। तभी अचानक कटान हुआ और ढांग के साथ बालिका भी गंगा में जा गिरी।
देखते ही देखते बालिका पानी में बह गई। यह देखकर मौके पर मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। उनकी चीख-पुकार सुनकर गांव के तमाम लोग आ गए। उन्होंने तुरंत कॉल करके गोताखोरों को बुला लिया और बालिका की तलाश शुरू करा दी। बताते हैं कि देर शाम तक उसकी तलाश चलती रही लेकिन तब तक उसका कुछ पता नहीं चला। भूरे हसन के चार बच्चे हैं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें आसमां सबसे बड़ी थी।