Budaun News: करंट लगने से बालक की मौत
पड़ोस में गया था दावत खाने, नंगे तार पर पड़ा पैर
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिसैया गोसाई में सोमवार रात करंट लगने से आठ वर्षीय बालक निकुंज उर्फ शिवांग की मौत हो गई। वह पड़ोसी के घर में छत पर दावत खाने गया था। वहीं उसका पैर बिजली के तार पर पड़ गया। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। उन्होंने मंगलवार को कछला गंगा घाट पर शव को दफन कर दिया।
ग्राम सिसैया गोसाई निवासी निकुंज उर्फ शिवांग पुत्र गंगा प्रसाद उपाध्याय इकलौता बेटा था। सोमवार रात करीब आठ बजे गंगा प्रसाद के पड़ाेस में छत पर दावत चल रही थी। गंगा प्रसाद का बेटा निकुंज भी दावत खाने पहुंचा था। बताते हैं कि निकुंज दावत खाकर नंगे पांव छत पर ही दीवार के किनारे पत्तल फेंकने गया था।
वहां छत से जा रहा तार कहीं से खुला हुआ था। पत्तल फेंकने के दौरान अचानक बालक का पैर तार पर पड़ गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर गांव के लोग आ गए। परिवार वालों ने सूचना कोतवाली पुलिस को नहीं दी।
उन्होंने मंगलवार दोपहर बालक के शव को कछला गंगा घाट ले जाकर दफन कर दिया। गंगा प्रसाद के दो बेटियां और हैं। वह गांव के प्राथमिक स्कूल में कक्षा एक का छात्र था।