Budaun News: कहीं गड्ढे कहीं पत्थर…शहर की सड़कों से निकलना दूभर

टिकटगंज से पुरानी चुंगी को जाने वाली टूटी पड़ी सड़क। संवाद
अधिकतर सड़कों की हालत खराब, अब सवा चार करोड़ से बदलेगी सूरत
पालिका का दावा- जनता को नवंबर तक दिखने लगेगा सड़कों पर काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कहीं गड्ढे तो कहीं उधड़े हुए पत्थर…यही है बदायूं की सड़कों का हाल। देहात की क्या बात करें यहां तो शहर की तमाम सड़कें उधड़ी पड़ी हैं। हालांकि, अब पालिका का दावा है कि नवंबर तक शहर की जनता को सड़कों पर काम दिखने लगेगा। इसके लिए सवा चार करोड़ से शहर की सड़कों पर काम कराया जाएगा, जिसमें वार्ड की सड़कें भी शामिल होंगी।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश दिए गए थे। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद काम हुआ लेकिन सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हो पाईं। इसके बाद कई बार आदेश हुए और कई बार समय सीमा बढ़ाई गई, लेकिन सड़कों की दशा नहीं सुधर पाई।
अब एक बार फिर दिवाली तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश दिए गए हैं। जिले के हालात पर गौर करें तो देहात क्षेत्रों से इतर शहर की सड़कों का ही हाल खराब है। पिछले पांच सालों में शहर की सड़कों पर कोई काम नहीं हुआ।
जिन सड़कों पर काम कराया भी गया उनकी गुणवत्ता को कमीशनखोरी निगल गई। ऐसे में शहर की सड़कों का बुरा हाल है। हालांकि अब नगर पालिका ने सड़कों की दशा सुधारने के लिए काम शुरू किया है। इसके लिए सवा चार करोड़ रुपये से काम कराने की बात की गई है। इसमें सवा दो करोड़ रुपये शहर की मुख्य सड़कों के लिए तो शेष राशि वार्ड की प्रमुख सड़कों के लिए होगी। इसके तहत प्रत्येक वार्ड की एक मुख्य सड़क का चयन किया जाएगा। इसके अलावा 20 लाख से पैचिंग का काम तथा 20 लाख रुपये पुलियों आदि के लिए होंगे।
–
इन सड़कों की हालत ज्यादा खस्ता
वैसे तो शहर की अधिकतर सड़कें खस्ताहाल है लेकिन कुछ सड़कों का हाल ज्यादा ही खराब है। टिकटगंज से पुरानी चुंगी को जाने वाली सड़क काफी क्षतिग्रस्त है जबकि यह बरेली मार्ग से शहर को जोड़ने वाली सड़क है। लड़कियों के इंटर कॉलेज से लेकर मुख्य बाजार भी इस सड़क पर है। नई सराय तिराहे पर तो सड़क इतनी उधड़ गई है कि यहां पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। गद्दी चौक से स्टेशन रोड, टिकटगंज, शहवाजपुर, जोगीपुरा आदि जगहों की सड़कें भी बेहद जर्जर अवस्था में हैं।
–
इन प्रमुख सड़कों की बदली जाएगी सूरत
– नेकपुर का मुख्य मार्ग
– लालपुल- मीरा जी की चौकी मार्ग
– टिकटगंज- जफा की कोठी मार्ग
– सुभाष चौक – रजी चौक मार्ग
– कोतवाली- होली चौक मार्ग
– कच्ची लीग- नई सराय मार्ग
–
शहर की सड़कों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार है। इसके तहत करीब सवा चार करोड़ की लागत से काम होंगे। शहर की मुख्य सड़कों को 15वें वित्त आयोग की धनराशि से बनवाया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड की प्रमुख सड़कों पर काम होगा। प्रकिया शुरू कर दी गई है, नवंबर तक सड़कों पर काम दिखने लगेगा।
– फात्मा रजा, नगर पालिकाध्यक्ष

टिकटगंज से पुरानी चुंगी को जाने वाली टूटी पड़ी सड़क। संवाद

टिकटगंज से पुरानी चुंगी को जाने वाली टूटी पड़ी सड़क। संवाद

टिकटगंज से पुरानी चुंगी को जाने वाली टूटी पड़ी सड़क। संवाद