Budaun News: अब स्वयं भी बनाया जा सकता है आयुष्मान कार्ड
शासन ने अपडेट किया एप, वेबसाइट भी जारी की
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए अब कहीं लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है। अब कोई भी घर बैठे स्वयं कार्ड बना सकता है। शासन ने आयुष्मान एप को अपडेट किया है, साथ ही वेबसाइट भी जारी की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब तबके के परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक का इलाज निशुल्क में कराए जाने के लिए आयुष्मान योजना को शुरू किया। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से काफी संख्या में लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। बावजूद इसके 10 लाख में सिर्फ सवा चार लाख लोगों के ही कार्ड बन पाए।
ऐसे में शासन ने अब आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में थोड़ा बदलाव किया है। इसके तहत अब लाभार्थी को शिविर में जाने की जरूरत नहीं है, न ही स्वास्थ्य कर्मियों पर आश्रित रहने की आवश्यकता है। वह स्वयं ही अपना कार्ड बना सकता है। इसके लिए शासन ने आयुष्मान एप अपडेट किया है। इसके साथ ही बेनिफिशियरी डॉट एनएचए डॉट जीओवी डॉट एन वेबसाइट लॉन्च की है। इस पर लॉगिन कर कुछ जानकारी अपलोड करके कार्ड बनाया जा सकता है।
अब लाभार्थी खुद भी आयुष्मान कार्ड बना सकता है। इसके लिए उसे कहीं भी शिविर या कहीं ओर जाने की जरूरत नहीं है। वह अपने मोबाइल से भी आयुष्मान कार्ड बना सकता है।
-अखिलेश सिंह, एसीएमओ