बदायूं

Budaun News: म्याऊं के नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत, हंगामा

Connect News 24

Death of pregnant woman in Meow's nursing home, commotion

म्याऊं में प्रसूता की मौत के बाद एक निजी नर्सिग होम के बाहर हंगामा करते परिजन। संवाद

बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा है नर्सिंग होम, दो सप्ताह पहले भी हुई थी नवजात की मौत

संवाद न्यूज एजेंसी

म्याऊं (बदायूं)। अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा म्याऊं में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे नर्सिंग होम में सोमवार रात एक प्रसूता की मौत हो गई। इससे परिवार वालों ने मंगलवार को हंगामा किया। डॉक्टर व कर्मचारी ताला लगाकर भाग गए। परिवार वालों ने डॉक्टर व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव ग्योति लभारी निवासी रामसुधार ने सोमवार शाम अपनी पत्नी अंजलि (21) को म्याऊं के आगरा नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। परिवार वालों का कहना है कि डॉक्टर व स्टाफ ने अंजलि को देखकर नॉर्मल डिलीवरी करने से मना कर दिया।

डॉक्टर ने परिवार वालों को आश्वासन दिया कि ऑपरेशन करके प्रसव करा दिया जाएगा। परिवार वालों के मना करने के बावजूद डॉक्टर ने उसका ऑपरेशन कर दिया लेकिन ज्यादा रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ गई। इससे डॉक्टर ने अंजलि को महिला अस्पताल भेज दिया लेकिन यहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

रात में परिवार वाले महिला का शव घर ले गए थे। मंगलवार सुबह परिवार वाले नर्सिंग होम पहुंचे लेकिन इससे पहले ही डॉक्टर व स्टाफ ताला डालकर मौके से भाग गए। दोपहर तक परिवार वाले हंगामा करते रहे लेकिन अस्पताल का कोई भी कर्मचारी नहीं आया। बताते हैं कि परिवार वालाें ने संचालक के खिलाफ तहरीर दी है।

यहां दो सप्ताह पहले भी एक नवजात की मौत हो गई थी। इससे पहले भी यहां महिला की मौत हो चुकी है लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

नर्सिंग होम में इलाज करवा रही एक और महिला की मौत

म्याऊं के आगरा नर्सिंग होम में इलाज करा रही एक और महिला की मंगलवार रात मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसावां थाना क्षेत्र के गांव गौंतरा पट्टी नरपत खुर्द निवासी संगम (25) पत्नी अनुज की बृहस्पतिवार को ऑपरेशन से डिलीवरी हुई थी। उसने एक बेटे को जन्म दिया था लेकिन ऑपरेशन के कुछ देर बाद ही बच्चे की मौत हो गई थी। तब से संगम का नर्सिंग होम से ही इलाज चल रहा था। हालांकि प्रसूता इस समय अपने घर पर थी। मंगलवार रात करीब आठ बजे संगम की भी मौत हो गई। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button