Budaun News: निजी व रोडवेज बस भिड़ीं, 12 से अधिक यात्री घायल

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त खड़ी रोडवेज की बस। संवाद
चालक और चार यात्रियों की हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
म्याऊं। अलापुर थाना क्षेत्र में बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर एक रोडवेज व निजी बस में आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें रोडवेज चालक सहित 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। इसमें चालक व चार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रोडवेज बस के परिचालक प्रबल प्रताप सिंह के अनुसार, वह चालक रामनाथ सिंह के साथ बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे फर्रुखाबाद डिपो से बस लेकर चला था। बस जैसे ही मिर्जापुर तिराहे पर स्थित एक मैरिज लान के पास पहुंची तभी सामने से आ रही यात्रियों से भरी निजी बस ने टक्कर मार दी।
हादसे में चालक रामनाथ सिंह सहित 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। रोडवेज बस के परिचालक ने बताया कि जो यात्री घायल हुए, वे मिर्जापुर से सवार हुए थे। उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज राजपाल सिंह ने घायलों को अस्पताल भेज दिया जबकि निजी बस के चालक-परिचालक मौके से भाग गए। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।



